मुरादाबाद। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों का निजी स्कूलों में दाखिले के लिए आरटीई की प्रक्रिया चल रही है। इसके तहत दूसरे चरण की प्रक्रिया के लिए 24 सौ आवेदन आए हैं। बीएसए अजीत कुमार का कहना है कि आठ अप्रैल को लॉटरी निकाली जाएगी।
आरटीई के तहत दाखिला के लिए अभिभावक अपने बच्चों का ऑनलाइन आवेदन करते हैं। चार चरणों में चलने वाली प्रक्रिया में 30 मार्च तक दूसरे चरण की प्रक्रिया के तहत अभिभावकों ने आवेदन किए थे। अधिकारियों के अनुसार ब्लॉक के आवेदनों के सत्यापन के बाद जिला स्तर पर सत्यापन का कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही आवेदन लॉक किए जा रहे हैं। आठ अप्रैल को लाॅटरी निकाली जाएगी। दूसरे चरण में पात्र पाए गए बच्चों को विद्यालय आवंटित किए जाएंगे, ताकि वह अपने आवंटित विद्यालय में दाखिला ले सकें।
पहले चरण में 3128 का हुआ था आवंटन
पहले चरण की प्रक्रिया में 7200 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। इसमें से पांच हजार 680 फॉर्म पास किए गए थे। इसमें से 3128 बच्चों को स्कूल आवंटित किए गए थे। अधिकारियों का कहना है कि पहले चरण में हुए दाखिला की जानकारी खंड शिक्षा अधिकारी के माध्यम से मांगी जा रही है।