मुरादाबाद। साल के अंत में कोरोना संक्रमण की रफ्तार में तेजी आने लगी है। जिले में रविवार को पॉलीटेक्निक की दो छात्राओं समेत 23 और संक्रमित मरीज मिले हैं। इन संक्रमितों में मां-बेटी और एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल है। वहीं एंटीजन टेस्ट में कोई पॉजिटिव केस नहीं मिला।
मार्च में शुरू हुआ कोरोना संक्रमण का दौर अभी भी जारी है। कोरोना वायरस के उतार चढ़ाव के बीच साल के दस महीने गुजर गए। दिसंबर के आखिरी हफ्ते में संक्रमण की रफ्तार में तेजी देखने को मिल रही है। पिछले दो दिनों में 46 कोरोना संक्रमित मरीज मिल चुके हैं। वहीं रविवार को आई आरटीपीसीआर की रिपोर्ट में 23 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इसमें राजकीय महिला पॉलीटेक्निक में पढ़ने वाली दो छात्राएं भी शामिल हैं। इसके अलावा बुद्धि विहार इलाके की मां-बेटी और कानूनगोयान क्षेत्र के एक परिवार के तीन सदस्य भी संक्रमित पाए गए हैं। जबकि स्वस्थ होने पर 19 मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया। जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या 11562 पहुंच गई है। हालांकि इनमें से 11072 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में अभी भी 270 मरीज सक्रिय हैं।