उत्तर प्रदेश पुलिस को नए साल पर 218 नए दरोगा मिले है। डॉक्टर भीमराव आंबेडकर पुलिस अकादमी से शुक्रवार को पास आउट हुए नए दरोगा अब उत्तर प्रदेश पुलिस का हिस्सा बन गए हैं। इटावा के अंकित यादव को सर्वांग सर्वोत्तम का पुरस्कार दिया गया। डीजी ट्रेनिंग सुजान वीर सिंह ने परेड की सलामी ली। इस मौके पर पुलिस अकादमी के एडीजी राजीव कृष्ण ने दरोगाओं को शपथ दिलाई।
एडीजी राजीव कृष्ण ने कहा कि वर्ष 2020 के नागरिक पुलिस बैच 226 का आवंटन शासन ने पुलिस अकादमी को किया था। इसमें से 221 ने अपनी आमद पुलिस अकादमी में दर्ज कराई। एक प्रशिक्षु परीक्षा में शामिल होने से वंचित रहा। एक प्रशिक्षु परीक्षा पास करने में विफल रहा। कुल 218 अंतिम परीक्षा में सफल रहे। एक साल के प्रशिक्षण में पुलिस अकादमी में प्रशिक्षु दरोगा को शारीरिक और मानसिक रूप से तैयार किया गया। अंकित यादव सर्वांग सर्वोच्च कैडेट चुने गए। उन्हें डीजी सुजान सिंह ने सम्मानित किया। इस दौरान पुलिस अकादमी और सिविल पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।
वहीं 2020 के आखिरी में भारतीय पुलिस सेवा के 30 अधिकारियों को उत्तर प्रदेश शासन ने प्रोन्नति दे दी। इनमें 1996 बैच के 7 आईपीएस अधिकारियों को आईजी से एडीजी की रैंक में, 2003 बैच के 6 आईपीएस अधिकारियों को डीआईजी से आईजी की रैंक में और 2007 बैच के 8 अफसरों को एसएसपी से डीआईजी की रैंक में प्रमोशन दिया गया है। 2008 बैच के 9 अफसरों को सेलेक्शन ग्रेड दिया गया है।
1996 बैच के जिन अफसरों को प्रमोशन मिला है उसमें आगरा रेंज के आईजी ए सतीश गणेश, आईजी कानून व्यवस्था ज्योति नारायण, पुलिस मुख्यालय में आईजी बजट नवनीत सिकेरा, आईजी फायर सर्विस विजय प्रकाश, आईजी वाराणसी रेंज विजय सिंह मीणा, डीजीपी मुख्यालय में तैनात आईजी एन रविंदर और एसटीएफ के आईजी अमिताभ यश अब एडीजी के पद पर प्रमोट कर दिए गए हैं।