पाकबड़ा(मुरादाबाद)। कांठ विधानसभा के मौढ़ा तेहिया गांव में अमर उजाला की चौपाल में किसानों ने कहा कि सरकार किसानों का कर्ज माफ करके उन्हें आलसी बनाने के बजाए सस्ती दरों पर खाद्य बीज मुहैय्या कराए। किसान और जवानों की सुरक्षा की गारंटी दे और शिक्षा व चिकित्सा व्यवस्था में फैले भ्रष्टाचार को खत्म करे। सरकारी स्कूलों को प्राईवेट स्कूलों की तरह बनाया जाए और व्यवस्था को खराब करने वालों के खिलाफ सख्त सजा का प्रावधान हो।
मौढ़ा तेहिया के गन्ना सेंटर पर बैठे किसान साबिर हुसैन कहा की गन्ने का भुगतान समय पर होना चाहिए। किसान को कर्ज माफी नही एक प्रतिशत की ब्याज दर पर कर्ज उपलब्ध कराने वाली सरकार बननी चाहिये। खेमपाल सिंह ने बताया की सरकार ऐसी हो जो समाज से शिक्षा में फैले भष्टाचार को मुक्त कराये और गन्ने के लिए नीति बनाये। डाक्टर नौ सिंह ने कहा की सरकार किसानों की पूर्ण हितैषी होनी चाहिये और गन्ना नीति में बदलाव करके किसानों से गन्ना खरीदते हुये ही उनका भुगतान देने वाली होनी चहिये। जवानों को खुली छूट देने वाली सरकार बने। बिना ब्याज के कर्ज देकर किसानों को आत्मनिर्भर बनाया जाए। कल्लू खां ने कहा कि जब कोई किसान को उधार नही दे सकता है तो सरकार किसान की फसल को उधार में क्यों बिकवाती है। स्वास्थ्य व्यवस्था फ्री होनी चाहिये। सुधाकर सिंह ने कहा की बिजली व्यवस्था से भष्टाचार को मुक्त करने वाली सरकार बने। गुडडू चौधरी का कहना था कि भ्रष्टाचारियों को सीधे जेल भेजना चाहिए।