मुरादाबाद। जिले में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजामों के साथ ही निगरानी की भी कई स्तरीय व्यवस्था की जा रही है। जिला निर्वाचन अधिकारी / डीएम राकेश कुमार सिंह ने बताया कि जिले के कुल 2398 बूथों में से एक तिहाई बूथों पर माइक्रो आब्जर्वर रहेंगे। करीब 500 बूथों से सीधे वेब कास्टिंग की जाएगी और बाकी पर वीडियोग्राफी होगी। माइक्रो आब्जर्वर का प्रशिक्षण रविवार को प्रेक्षक की मौजूदगी में पूरा हुआ।
लोकसभा चुनावों के लिए रविवार को माइक्रो आब्जर्वर का प्रशिक्षण पंचायत भवन में हुआ। इसमें मुख्य विकास अधिकारी मृदुल चौधरी ने सभी माइक्रो आब्जर्वर को निर्देश दिया कि वह आयोग के निर्देशों का सख्ती से पालन करें। उन्होंने बताया कि आब्जर्वर चुनाव आयोग के आधीन हैं इसलिए चुनाव के संबंध में जो भी सूचनाएं मिलेंगी उनसे सामान्य प्रेक्षक को अवगत कराना है। उन्होंने कहा कि मतदान से पूर्व चेक कर लें कि मॉक पोल में पड़े मतों को हटा दिया गया है। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान हाले वाले महत्वपूर्ण बिंदुओं को उपलब्ध कराए गए प्रारूप पर नोट करना है। माइक्रो आब्जर्वर किसी भी दशा में पीठासीन अधिकारी की तरह कार्य नहीं करेंगे। उनका कार्य पोलिंग प्रक्रिया पर पैनी निगाह रखना है ताकि चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से कराया जा सके।
नाम वापसी के बाद आज मिलेंगे चुनाव चिन्ह
मुरादाबाद। सोमवार को नाम वापसी की आखिरी तारीख है। तीन बजे तक इच्छुक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकेंगे। तीन बजे के बाद रिटर्निंग आफिसर की ओर से मैदान में बचे प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी जाएगी। चुनाव मैदान में बचे प्रत्याशियों को सिंबल वितरित किए जाएंगे और शाम को इन सभी प्रत्याशियों के साथ जिला निर्वाचन अधिकारी बैठक करके उन्हें आयोग के निर्देश और जनसभाओं से लेकर दूसरी प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी देंगे। मुरादाबाद में अभी तक सिर्फ एक प्रत्याशी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के मौ. इसरार ने अपने नाम वापसी का प्रार्थना पत्र दिया है।