मुरादाबाद। अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा संचालित अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा में चयनित जिला संभल के अरुण को चेक प्रदान किया गया। अमर उजाला के मुरादाबाद कार्यालय में मंगलवार को आकाश ग्रुप के चेयरमैन महेश अग्रवाल से 50 हजार रुपये का चेक पाकर अरुण का चेहरा खिल गया। उन्होंने कहा कि अमर उजाला ने होली पर छात्रवृत्ति देकर त्योहार के साथ सपनों को भी रंगीन कर दिया है। वह सेना में जाना चाहते हैं। अब छात्रवृत्ति के रुपयों से एनडीए की तैयारी कर सकेंगे।
ब्लॉक असमोली के गांव एचोड़ा कम्बोह निवासी अरुण के पिता ओमप्रकाश किसान हैं और मां संतरी देवी गृहणी हैं। छह भाई बहनों में सबसे छोटे अरुण को शुरू से ही पढ़ने का शौक है। वह प्रतिदिन दस से 12 घंटे पढ़ते हैं, जिसकी वजह से हाईस्कूल की परीक्षा 87 फीसदी अंकों से उत्तीर्ण की है और गणित में 83 अंक प्राप्त किए हैं। अरुण ने बताया कि उन्हें सीमित संसाधनों में ही अपना भविष्य संवारना है। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति परीक्षा का फार्म भरने के साथ ही उड़ान से तैयारी शुरू कर दी थी। पेपर अच्छा हुआ था, इसलिए छात्रवृत्ति मिलने की उम्मीद भी थी। उन्होंने कहा कि उड़ान करियर काउंसलर की तरह है। इसके अलावा जॉब जंक्शन से निजी और सरकारी क्षेत्रों की नौकरी का पता आसानी से चल जाता है। भाई दुष्यंत कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा पास कर छात्रवृत्ति प्राप्त करना बड़ी बात है। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के सपनों को पंख देने के लिए अमर उजाला अच्छा योगदान कर रहा है।