मुरादाबाद। विंग कमांडर अभिनंदन की रिहाई को लेकर दिनभर चला कश्मकश शुक्रवार शाम को खुशी की लहर में उस वक्त तब्दील हो गया, जब बाघा बार्डर पर उनके देश की सीमा में आने की खबर आई। लोग घरों से मिठाई लेकर बाहर आ गए। युवाओं ने एरिया के चौराहा और सड़कों पर आतिशबाजी करके हिंदुस्तान जिंदाबाद का नारा लगाते हुए देशभक्ति की भावनाओं में ओतप्रोत नजर आए।
कहीं लोग ढोल लेकर नाचते हुए खुशी का इजहार कर रहे थे। कही मिठाई और आतिशबाजी के साथ लोगों ने अभिनंदन की बहादुरी को सलाम किया। प्रकाश नगर में माता मंदिर के पास लोग हाथों में मिठाई लेकर घर से बाहर आ गए। बाइक पर जाने वालों को भी मिठाई खिलाकर देशभक्ति के नारे लगाए। बाला जी मंदिर के पास लोग ढोल बजाकर नाचे। चौरासी घंटा मंदिर के पास पटाखे चलाए गए। इम्पीरियल पर एबीवीपी ने लोगों में मिठाई बांटी। मंडी चौक पर व्यापारियों ने आतिशबाजी की। गंज बाजार में भी व्यापारियों ने मिठाई बांटी। विभिन्न जगह पर इस तरह के आयोजन लोगों ने किए।