मंडलायुक्त यशवंत राव ने कहा कि जनपदों में चहुंमुखी एवं संतुलित औद्योगिक विकास के लिए उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए। औद्योगिक विकास एवं निर्यात प्रोत्साहन को अपेक्षित गतिशीलता दी जाए। मंडलायुक्त कमिश्नरी सभागार में बुधवार को मंडलीय उद्योग बंधु की बैठक में बोल रहे थे।
मंडलायुक्त ने उद्योग, औद्योगिक विकास, औद्योगिक उत्पादन एवं निर्यात एवं इनसे संबंधित विभिन्न समस्याएं और सुझाव सुने। अधीक्षण अभियंता बाढ़ खंड ने कहा कि रामगंगा नदी के दायें किनारेे तटबंध निर्माण पर आईआरआई रुड़की द्वारा माडल स्टडी एवं सर्वे का कार्य चल रहा है। मंडलायुक्त ने अधीक्षण अभियंता सिंचाई को निर्देश दिए कि डीएम की अध्यक्षता में एमडीए, नगर निगम एवं कार्यदायी संस्था के साथ बैठक की जाए। मुख्य अभियंता एमडीए ने कहा कि छोटे कारीगरों, दस्तकारों एवं शिल्पकारों को लाभ पहुंचाने हेतु सोर्सिंग हब निर्माण होना है। निर्माण में अनियमितताओं की शिकायत पर पूर्व कमिश्नर ने जांच समिति गठित की है। मंडलायुक्त ने कहा कि जल्द कार्यवाही के लिए समिति की जांच रिपोर्ट एमडीए की अगली बोर्ड बैठक में प्रस्तुत की जाए। निर्यातक संघ ने मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के विकास शुल्क की समस्या उठाई। मुख्य अभियंता एमडीए ने कहा कि औद्योगिक इकाईयों के लिए विकास शुल्क का निर्धारण शासन से किया जाता है। उन्होंने कहा कि नूरपुर चंदौसी रोड मुरादाबाद नाले के निर्माण और संभल रोड स्थित लालपुर वस्तौर में पानी निकासी के लिए नाला निर्माण की डीपीआर बन गई है। प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में प्रस्ताव रखा जाएगा।
मंडलीय बैठक के बाद जिला स्तरीय उद्योग बंधु की बैठक भी हुई। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह नेे उद्यमियों का आह्वान किया कि ई कचरा एवं पीतल उद्योग डस्ट के निस्तारण में जिला प्रशासन को अपना सकारात्मक सहयोग प्रदान करें। डीएम ने औद्योगिक आस्थान हरथला की एरिया से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। काली डामर रोड जामा मस्जिद रामगंगा ब्रिज से लेकर चड्डा सिनेमा तक चार किलोमीटर तक की रोड बनवाने और अतिक्रमण हटवाने की कार्यवाही के निर्देश दिए। सांई मंदिर रोड दीनदयाल नगर एवं रामगंगा विहार में आवासीय क्षेत्र में व्यवसायिक गतिविधियां बंद करने के निर्देश दिए। बैठक में महानिरीक्षक पुलिस रमित शर्मा, एसपी सिटी अंकित मित्तल, संयुक्त निदेशक उद्योग देशराज गौतम समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।