मुरादाबाद जिले में टीबी के 122 नए रोगियों के चिह्नित होने से स्वास्थ्य विभाग की चिंताएं बढ़ गई हैं। सक्रिय टीबी रोगी खोज अभियान में नए रोगियों की पहचान हुई है। चिह्नित रोगियों का इलाज शुरू करवा दिया है।
स्वास्थ्य विभाग ने जनवरी के पहले सप्ताह से जिले में टीबी रोगी खोज अभियान चलाया। 175 टीमों की ओर से 473110 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। विभाग ने अभियान की रिपोर्ट जारी कर दी है। जिले के आठ ब्लाकों और मुरादाबाद नगर में 4390 लोगों में टीबी से मिलते जुलते लक्षण मिले। इनमें 4058 लोगों की बलगम, एक्स-रे जांच की गई। इनमें 122 लोगों की टीबी की पुष्टि हुई। 100 लोगों की बलगम, एक्स-रे व अन्य जांच की रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ। जिले में 16 क्षय रोग ट्रीटमेंट सेंटर हैं और इन्हीं में संदिग्ध मरीजों की जांच की गई।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक सर्वाधिक 17 मरीजों की केजीके ट्रीटमेंट सेंटर में टीबी की पुष्टि हुई। कांठ में 15, मूंढापांडे में 11 और ताजपुर सेंटर में आठ लोगों में टीबी का जीवाणु की पुष्टि हुई। कटघर और डीटीसी सेंटर में एक-एक व्यक्ति टीबी का मरीज मिला। जिला क्षय रोग अधिकारी डा. डीके प्रेमी ने बताया कि 22 लोगों में गांठ की टीबी मिली है। चिह्नित मरीजों का इलाज शुरू करवा दिया है।
- टीबी संक्रामक बीमारी है। माइक्रोबैक्टीरियम ट्यूबरक्लोसिस नामक जीवाणु से यह बीमारी होती है। सही इलाज नहीं होने पर संक्रमित व्यक्ति एक साल में 10 से 15 लोगों को टीबी का संक्रमण फैलाता है। - डा. मो जावेद, जिला समन्वयक