मुरादाबाद। महानगर में छठ महापर्व की शुरूआत रविवार सुबह को नहाय-खाय के साथ शुरू हो जाएगी। पूर्वांचल लोकसेवा समिति के तत्वावधान में छठ महापर्व की तैयारियां पांच जगह पर की जा रही हैं। रविवार को व्रत रखने वाली महिलाओं का निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा। यह व्रत 14 नवंबर को उगते सूरज को अर्घ्य देकर पूर्ण होगा।
छठ मैया का महापर्व रविवार सुबह से शुरू होगा। पूर्वांचल लोकसेवा समिति के युवा संगठन के जिला महामंत्री अमरजीत सिंह ने बताया कि व्रत रखने वाली महिलाएं सुबह े स्नान करने के बाद चने की दाल, लौकी की सब्जी और चावल का भोजन करेंगी। दिन में छठ माता की पूजा की जाएगी। उसके बाद 12 नवंबर की सुबह विधिवत पूजन के साथ ही निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा। दिन भर बिना खाना - पानी के व्रत रखकर शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद वितरित किया जाएगा। निर्जला व्रत रखने के साथ ही पूजन जारी रहेगा। छठ का व्रत रखने वाले 13 नवंबर की शाम को पीठ डूबोने के बराबर पानी में खड़े होकर डूबते हुए सूरज को अर्घ्य देंगे। उसके साथ ही कुछ लोग रात भर पानी में खड़े रहकर छठ मैय्या का गुणगान करेंगे और कुछ लोग पानी से बाहर आकर रात भर पूजा में व्यस्त रहेंगे। 14 नवंबर की सुबह उगते हुए सूरज को अर्घ्य देने के साथ ही छठ महापर्व पूर्ण हो जाएगा। छठ महापर्व की आस्था और अर्घ्य का मनोरम दृश्य देखने वालों की भीड़ लगी रहेगी।