बिलारी। क्षेत्र के रायपुर गांव में हादसे के बाद भी विद्युत विभाग टूटा विद्युत तार नहीं जोड़ पाया है। रायपुर गांव की आबादी से दक्षिण पूरब में जिस टूटे विद्युत तार के करंट की चपेट में आकर एक बालक की मौत हो गई वह तार सोमवार को भी नहीं जुड़ पाया। इस संबंध में एसडीओ विद्युत गौरव कुमार का कहना है कि लाइन स्टाफ आक्रोशित ग्रामीणों के डर के मारे मौके पर नहीं जा सका है। सहसपुर बिजलीघर के जेई शुभम पांडेय का कहना है कि टूटे विद्युत तार में बिजली प्रवाहित नहीं है। लाइन स्टाफ से तार जोड़ने को कहा गया लेकिन संविदा कर्मी मौके पर जाने का साहस नहीं जुटा पाए हैं। जेई के मुताबिक विद्युत लाइन का तार टूटने से मात्र एक निजी विद्युत नलकूप की विद्युत आपूर्ति प्रभावित है।
---------------------------------------------------------
रायपुर पहुंचे भाजपा सांसद, परिजनों से मिल जताया गहरा शोक
बिलारी। संभल लोकसभा क्षेत्र के भाजपा सांसद सत्यपाल सिंह सैनी सोमवार की शाम लगभग पौने छह बजे रायपुर गांव पहुंचे। भाजपा सांसद मृतक बालक के पिता और अन्य परिजनों से मिले तथा शोक संवेदना जताते हुए उन्हें ढांढस बंधाया। ग्रामीणों ने भाजपा सांसद को बताया कि बालक की मौत हो जाने की घटना के लिए सीधे तौर पर विद्युत विभाग के कर्मचारी जिम्मेदार हैं। ग्रामीण बोले कि करंट प्रवाहित विद्युत तार टूटकर रास्ते में पड़ा होने की पूरी सूचना होने के बावजूद विद्युत कर्मियों ने मौके पर जाकर तार नहीं जोड़ा इसी वजह से यह घटना हो गई। रायपुर गांव का दौरा करके लौटे भाजपा सांसद ने बताया कि वह मृतक बालक के परिजनों को सरकार से तत्काल आर्थिक सहायता दिलाने को पत्र लिख रहे हैं। सांसद ने यह भी कहा कि बिलारी के विद्युत विभाग के अधिकारियों ने जर्जर तार बदलने संबंधी जो एस्टीमेट सरकार और विभाग को भेजे हैं उनका पता लगाकर वह शीघ्र ही नए तार जारी कराने की स्वीकृति दिलाएंगे।