विश्व युवा कौशल दिवस पर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में रविवार को ट्रेड और संस्थान में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मेधावियों को प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों में सेल्फी के रूप में इस क्षण को कैद करने की होड़ लग गई। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को पढ़ने के साथ हुनरमंद बनने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि ब्लाक प्रमुख कुंदरकी ओमकार सिंह ने संस्थान के पूर्व छात्र और वर्तमान में ब्रांड एंबेसडर, सेवायोजित प्रशिक्षार्थियों के अलावा शैक्षिक सत्र 2015-17 और 2016-17 में व्यवसाय वार प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को अंकतालिका व प्रमाण पत्र प्रदान किए। फिटर ट्रेड के शिवम आलोक ने 76.77 फीसदी अंक प्राप्त कर संस्थान में पहला और इलेक्ट्रीशियन ट्रेड में अमित सिंह व मीना सैनी ने संयुक्त रूप से 76.44 फीसदी अंक प्राप्त कर ट्रेड में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक में अंकिता वर्मा और नरगिस को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। ब्लाक प्रमुख ओमकार सिंह ने कहा कि पहले बच्चों के ज्यादा से ज्यादा पढ़ने पर जोर दिया जाता था, लेकिन अब बदलते वक्त में पढ़ने के साथ कौशल को निखारना भी आवश्यक हो गया है। ब्रांड एंबेसडर और विधानसभा सचिवालय में स्टैनो के पद पर कार्यरत राजकुमार ने कहा कि नौकरी प्राप्त करने के बाद हमेशा कुछ नया करने की ललक को बनाए रखना चाहिए। संचालन जमीर आलम व सौबीर सिंह ने किया। इस दौरान प्रभारी प्रधानाचार्य वीके गुप्ता, नवनीत गुप्ता, मोहम्मद शाहनवाज, धीरेंद्र कुमार, अवधेश कुमार आदि मौजूद रहे।