मुरादाबाद क्लब को टेकओवर करने की प्रक्रिया फिलहाल ठंडे बस्ते में चली गई है। जिला प्रशासन ने रजिस्ट्रार ऑफ कम्पनीज से एक अधिकारी नामित करने को कहा था। लेकिन एक महीना बाद भी आरओसी की ओर से कोई जवाब नहीं आया है। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि मुरादाबाद क्लब को टेकओवर करने की कार्रवाई आरओसी के निर्देशन में ही होगी। जब तक वह अपने किसी अधिकारी को नामित नही करते हैं तब तक प्रशासन मुरादाबाद क्लब को टेकओवर नहीं करेगा।
मुरादाबाद क्लब में सदस्यता और चुनाव को लेकर विवाद था। विवाद कार्पोरेट मंत्रालय तक पहुंचा था। कार्पोरेट मंत्रालय ने करीब चार माह पहले जिला प्रशासन को आदेश दिया था कि मुरादाबाद क्लब का संचालन कंपनी एक्ट के अनुसार किया जाएगा। विवाद को देखते हुए मुरादाबाद क्लब को टेकओवर करने का आदेश दिया गया था। डीएम आरके सिंह ने सिटी मजिस्ट्रेट को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। सिटी मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह ने बताया कि उन्हाेंने रजिस्ट्रार ऑफ कम्पनीज (आरओसी) को पत्र लिखकर इस बारे में तकनीकि मदद मांगी थी। आरओसी से कहा गया था कि वह एक अधिकारी नामित कर दें जिनकी मौजूदगी में मुरादाबाद क्लब को कमेटी से टेकओवर किया जा सके। लेकिन अभी तक आरओसी ने इस बारे में कोई जवाब नहीं दिया है। सिटी मजिस्ट्रेट का कहना है कि कंपनी एक्ट के बारे में आरओसी को ही व्यवहारिक जानकारी है। जब तक वह किसी अधिकारी को नामित नहीं करेंगे अथवा लिखित गाइड लाइंस जारी नहीं करेंगे तब तक मुरादाबाद क्लब को कमेटी से टेकओवर नहीं किया जा सकता।