24वीं पीएसी के मैदान में मंगलवार सुबह 22 वीं अंतर पीएसी पश्चिमी जोन हाकी प्रतियोगिता का शानदार आगाज हुआ। प्रतियोगिता में पश्चिमी जोन की चौदह वाहिनियों के 250 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया है। पहले ही दिन छह मुकाबले हुए। जिसमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ताबड़तोड़ गोल दागे। उद्घाटन मैच में नौवीं वाहिनी पीएसी ने गाजियाबाद की टीम को शिकस्त।
मंगलवार सुबह सात बजे सभी खिलाड़ी मैदान में पहुंच गए थे। 24 वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक सभाराज ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और सभी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद उद्घाटन मैच नौवीं पीएसी मुरादाबाद और 47 वीं पीएसी गाजियाबाद के बीच खेला गया। जिसमें 9वीं वाहिनी ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 7-1 से मैच जीत लिया। दूसरा मुकाबला 23 वीं पीएसी मुरादाबाद और 45 वीं पीएसी अलीगढ़ के बीच खेला गया। जिसमें 23 वीं पीएसी ने 6- 0 से मैच जीत लिया और विपक्षी टीम का एक भी गोल नहीं करने दिया। तीसरा मुकाबला 08 वीं पीएसी बरेली और 20 वीं पीएसी इटावा के बीच खेला गया। जिसमें बरेली की टीम 8- 0 से विजयी रही।
चौथा मुकाबला 41 वीं पीएसी गाजियाबाद और 24वीं पीएसी मुरादाबाद के मध्य खेला गया। जिसमें गाजियाबाद की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विपक्षी टीम को 4-0 से रौंद दिया। पांचवां मैच 38 वीं पीएसी अलीगढ़ और 49 वीं पीएसी गौतमबुद्ध नगर के बीच खेला गया। जिसमें कड़े मुकाबले में 03-02 से अलीगढ़ की टीम विजयी रही। जबकि मंगलवार को अंतिम मुकाबला 6 पीएसी मेरठ और 43 वीं पीएसी एटा के बीच खेला गया। जिसमें मेरठ की टीम ने 6-0 से मैच जीत लिया। निर्णायक मंडल में उप क्रीडंा अधिकारी रंजीत राज, नागेंद्र सिंह, अंकित शर्मा, योगेश श्रीवास्तव, योगेंद्र, आदेश कुमार और विजय गुरंग ने अहम योगदान दिया। इस दौरान राजधारी सिंह चौरसिया, बांकेलाल आर्य, विनोद कुमार राणा, अवनीश कुमार, संजीत राणा, कुलदीप समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।