मुरादाबाद। नगर निगम के करीब पांच हजार संविदा कर्मियों के मानदेय से 200 से 250 रुपए की कटौती कर ली गई। यह कटौती किस मद में की गई, यह भी कर्मचारियों को नहीं बताया गया है। इस मामले को लेकर होली पर सफाई व्यवस्था को ठप करने की चेतावनी देने के बाद स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ व नगर निगम कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने नगर आयुक्त से मिलकर विरोध जताया तो यह भरोसा तो मिला कि आगे से यह कटौती नहीं होगी, इस पर सफाई व्यवस्था ठप करने की चेतावनी तो कर्मचारी संगठनों ने वापस ले ली है लेकिन यह पता नहीं लगा कि यह कटौती क्यों और किस मद में की गई।
स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष ओमीलाल वाल्मीकि ने बताया कि दो महीने में करीब 20 लाख रुपए की कटौती की गई है। नगर आयुक्त ने भी दिसंबर व जनवरी माह में प्रत्येक कर्मचारी से अनधिकृत रूप से 200 से 250 रुपए तक की कटौती पर हैरानी जताई। भरोसा दिलाया कि संविदा कर्मचारियों के वेतन से किसी भी प्रकार की कटौती नहीं की जाएगी लेकिन जो कटौती कर ली गई है, उसकी वापसी या किस मद में कटौती की गई है, इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है। उन्होंने बताया कि काटी गई धनराशि वापस ली जाएगी। आश्वासन के बाद होली पर्व पर सफाई व्यवस्था ठप करने का ऐलान किया गया था, उसे वापस ले लिया है। प्रतिनिधि मंडल में ओमी लाल वाल्मीकि, नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मोहम्मद सुभान, महामंत्री मोहित, मुरारी शेषन समेत कई लोग शामिल थे।