मुरादाबाद। साइबर ठगों ने कपड़ा व्यापारी को लकी ड्रा में कार निकलने का झांसा दो लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित व्यापारी ने पाकबड़ा थाने में केस दर्ज कराया है।
ठगी का शिकार हुए कपड़ा व्यापारी आसिम अली पाकबड़ा थानाक्षेत्र के रतनपुर कलां निवासी हैं। उन्होंने पाकबड़ा थाने में दर्ज कराए केस में बताया कि अक्तूबर 2019 में उन्होंने ऑनलाइन सैंडिल खरीदी थी। सैंडिल मिलने के उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि उन्होंने जिस कंपनी की सैंडिल खरीदी है उस कंपनी का कर्मचारी बोल रहा है। उसने आसिम से कहा कि कंपनी की ओर से उनका लकी ड्रा निकला है। इसमें उन्हें एक कार कंपनी की ओर से दी जाएगी। इसके बाद आरोपी ठग ने उससे रजिस्ट्रेशन के नाम पर छह हजार रुपये जमा करा लिए। इसके बाद कई बार में दो लाख दस हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए हैं। रुपये जमा करने के बाद भी व्यापारी को कार नहीं मिली। पीड़ित ने इस मामले की शिकायत पाकबड़ा थाने में की, लेकिन पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया। तब पीड़ित ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। एसएसपी के आदेश पर पाकबड़ा थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। सीओ हाईवे राम सागर ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है।