पंजाब में चल रहे किसान आंदोलन के कारण अलग अलग स्थानों से पंजाब और जम्मू जाने वाली 247 ट्रेनें प्रभावित हैं। तीन दिनों में इसके चलते दो लाख से अधिक यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इनमें से 20 हजार से अधिक यात्रियों ने अपने टिकट रद्द कराए हैं, जबकि बाकी यात्रियों को ट्रेनें रद्द होने या गंतव्य तक न पहुंच पाने के कारण परेशानी उठानी पड़ी है।
यात्रियों की परेशानी से रेलवे की आय पर भी सीधा प्रभाव पड़ा है। इस आंदोलन से अब तक रेलवे को तकरीबन ढाई करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हो चुका है। हालांकि अभी भी किसान संगठन रेलवे ट्रैक से हटने को तैयार नहीं हैं। ऐसे में रेलवे ने 26 और 27 दिसंबर को चलने वाली ट्रेनों को भी रद्द कर दिया है।
पंजाब में किसानों और मजदूरों ने कर्ज माफी समेत अन्य मांगों को लेकर अमृतसर-दिल्ली रेलवे ट्रैक पर धरना जारी रखा है। इसकी वजह से उत्तर रेलवे के अंबाला और फिरोजपुर मंडल प्रभावित हैं। दिल्ली, मुरादाबाद, लखनऊ, गोरखपुर समेत कई रेल मंडलों की ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।
वहीं कुछ ट्रेनों को लुधियाना, जलंधर और ब्यास स्टेशनों तक चलाया जा रहा है। इससे सबसे ज्यादा असर जम्मू आने-जाने वाले यात्रियों पर पड़ा है। माता वैष्णो देवी के दरबार में माथा टेकने के लिए लोगों ने दो माह पहले से रिजर्वेशन कराए थे। किसानों के आंदोलन के चलते इसमें बाधा आ रही है। उत्तर रेलवे की सीपीआरओ दीपक कुमार का कहना है कि प्रदेश सरकार के प्रतिनिधि किसानो से वार्ता कर रहे हैं।
बेगमपुरा समेत पांच ट्रेनें आज भी रहेंगी रद्द
मुरादाबाद रेल मंडल से गुजरने वाली बेमगपुरा एक्सप्रेस, अमृतसर-देहरादून एक्सप्रेस, देहरादून-अमृतसर एक्सप्रेस, ऋषिकेश-माता वैष्णो देवी और माता वैष्णो देवी-ऋषिकेश एक्सप्रेस 23 दिसंबर को भी रद्द रहेंगी। इनके अलावा 26 दिसंबर को (14649) जयनगर-अमृतसर एक्सप्रेस और 27 दिसंबर को (15211) डिब्रुगढ़-अमृतसर एक्सप्रेस को रद्द किया गया है।
वहीं (13005-06) पंजाब मेल का संचालन ब्यास स्टेशन तक होगा। (12331-32) हावड़ा-जम्मूतवी-हावड़ा एक्सप्रेस को लक्सर तक चलाया जाएगा। (12317-18) कोलकाता-अमृतसर-कोलकाता एक्सप्रेस को जलंधर कैंट स्टेशन तक चलाया जाएगा। ये सभी ट्रेनें वापसी में इन स्टेशनों से ही अपनी यात्रा प्रारंभ करेंगी।
23 दिसंबर को जम्मूतवी से बनारस के लिए चलने वाली (12238) बेमगपुरा एक्सप्रेस रद्द रहेगी, जबकि (12237) को बनारस से जलंधर तक चलाया जाएगा। फिरोजपुर से धनबाद के बीच चलने वाली (13308) गंगा-सतलुज एक्सप्रेस को लुधियाना से चलाया जाएगा। यह जानकारी उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल के सीनियर डीसीएम सुधीर सिंह ने उपलब्ध कराई है। संवाद