मुरादाबाद। हरथला स्थित जिला उद्योग केंद्र की जमीन पर अवैध कब्जे को हटाने पहुंची नगर निगम की टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। यहां पूर्व सभासद नरेश कुमार सैनी ने तिरपाल की आड़ में पक्का निर्माण करा लिया था। जेसीबी का पंजा चलते ही पूर्व सभासद, उनकी पत्नी और समर्थन में आए लोग हंगामा करते हुए जिला उद्योग केंद्र और नगर निगम के अधिकारियों से उलझ गए। तीखी नोकझोंक के बीच पुलिस को लाठियां फटकारकर लोगोें को खदेड़ना पड़ा। इसी बीच पूर्व सभासद ने जिला उद्योग केंद्र के ज्वाइंट कमिश्नर देशराज गौतम को देख लेने की धमकी दे डाली। ज्वाइंट कमिश्नर की शिकायत पर कोतवाली इंस्पेक्टर शक्ति सिंह ने पूर्व सभासद को हिरासत में लेकर थाने भिजवा दिया। नगर निगम ने बलपूर्वक अतिक्रमण को हटवाकर सामान गाड़ियों में लदवा लिया।
जिला उद्योग केंद्र की बाउंड्रीवॉल से लगी सर्विस लेन पर पूर्व सभासद नरेश कुमार सैनी तिरपाल लगाकर पक्का निर्माण करा रहा था। यहां गाड़ियों की मरम्मत के लिए गैस के सिलिंडर, हवा भरने के एयर प्रेशर मशीन लगा ली थी। कर निर्धारण अधिकारी राजवीर सिंह ने बताया कि उसने कई लोगों को इस जमीन पर कब्जा देकर वसूली शुरू कर दी थी। इसकी शिकायतों के बाद शनिवार को नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी राकेश कुमार सोनकर की अगुवाई में टीम मौके पर पहुंची थी। जिला उद्योग केंद्र के ज्वाइंट कमिश्नर देशराज गौतम की अगुवाई में लोग आए थे। अतिक्रमण हटाने की शुरुआत में ही पूर्व सभासद अपने दस्तावेज लेकर आए कि जमीन उनके नाम पर है। लेकिन निगम के अधिकारियों ने इन कागजों को फर्जी करार दिया। इसके बाद अवैध निर्माणों को तुड़वा दिया गया।
छह महीने पहले भी हटा था अतिक्रमण
अवैध अतिक्रमण को छह महीने पहले भी हटवाया गया था। लेकिन दबंगई के बल पर पूर्व सभासद ने दोबारा जमीन पर कब्जा जमा लिया। इस दफा पक्का निर्माण शुरू कराकर लिंटर ढालने की फिराक में था। लेकिन इससे पहले ही नगर निगम ने कार्रवाई कर ली। देश राज गौतम ने बताया कि अब जिला उद्योग केंद्र इस जमीन की फेंसिंग कराएगा।