बिजनौर स्टेशन के पास रविवार सुबह मालगाड़ी के चार डिब्बों के पटरी से उतरने से हड़कंप मच गया। मालगाड़ी मुरादाबाद लौट रही थी। ट्रैक पर ट्रेन खड़ी होने से लखनऊ अमृतसर मेल समेत आधा दर्जन ट्रेनों का संचालन बाधित हुआ। एडीआरएम ने मामले में जांच बैठा दी है।
मुरादाबाद से मालगाड़ी खाद लेकर बिजनौर गई थी। वहां से वापस मुरादाबाद लौटते वक्त रविवार सुबह करीब 5.50 बजे शंटिंग के दौरान मालगाड़ी के चार डिब्बों के पहिये उतर गए। इससे हादसा होने से टल गया और मालगाड़ी ट्रैक पर खड़ी हो गई। सूचना पर रेलवे इंजीनियरों और अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। सुबह 9.30 बजे ट्रैक पर संचालन शुरू हो सका। ट्रैक पर मालगाड़ी खड़ी होने से लखनऊ अमृतसर मेल, लखनऊ इंटर सिटी, दो पैसेंजर और दो मालगाड़ियों का संचालन बाधित रहा। एडीआरएम शरद श्रीवास्तव ने मामले की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।