छाई थी धुंध, नहीं दिखा चालकों को
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद।
घना कोहरा लोगों के लिए मुसीबत लेकर आया। रामपुर हाईवे पर जीरो प्वाइंट के पास मंगलवार सुबह दो गैस कैप्सूल समेत सात वाहन आपस में टकरा गए। जिसमें एक वाहन का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि बाकी वाहनों में सवार लोगों को मामूली चोटें आई हैं। गनीमत रही कि गैस कैप्सूल के टकराने से आग नहीं लगी। वरना जिस तरह से वाहन टकराए थे। बड़ा हादसा हो सकता था।
सोमवार शाम अचानक मौसम ने पलटी मार दी थी। जिसकी वजह से मंगलवार सुबह घने कोहरे की चादर बिछ गई। हाईवे पर दौड़ रहे यातायात पर भी इसका बूरा असर पड़ा। मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे कटघर क्षेत्र में जीरो प्वाइंट के पास दिल्ली की ओर से दो गैस कैप्सूल रामपुर की ओर जा रहे थे। आगे चल रहे वाहन के चालक ने अचानक ब्रेेक लगा दिए। घना कोहरा होने के कारण पीछे चल रहे वाहन का चालक स्टेयरिंग पर नियंत्रण नहीं कर पाया। जिस कारण अगले वाहन में जा टकराया। इसके बाद गैस कैप्सूल में पीछे से पिकअप वाहन घुस गया। पिकअप के टकराते ही मारूति कार और स्विफ्ट कार व अन्य भी टकरा गई। इस हादसे से वाहनों में फंसे लोगों में चीख पुकार मच गई। लोग संभल भी नहीं पाए थे कि एक और वाहन पीछे से टकरा गया। राहगीरों ने इस हादसे की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम और 108 नंबर एंबुलेंस को दी। इस हादसे में गैस कैप्सूल का चालक विनोद निवासी मिशनपुर पुरबा जनपद फर्रूखाबाद घायल हुआ। जिसे जिला अस्पताल भिजवा दिया गया। जबकि उसका हेल्परवेद पाल भी घायल हुआ है। अन्य वाहनों के चालक मामूूली रूप से घायल हो गए। हादसे की वजह से हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन से वाहनों को हाईवे से किनारे कराया। इसके बाद यातायात चालू हो पाया।