मुरादाबाद में भी एक युवती में कोरोना संक्रमण की पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। युवती प्रदेश के एक मंत्री की रिश्तेदार है। युवती को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया है। स्वास्थ्य विभाग ने मंत्री के परिवार के पांच सदस्यों समेत सात लोगों को क्वारंटीन किया गया है। सभी लोगों को 14 दिन की निगरानी में रखी गया है। हालांकि, इनमें मंत्री शामिल नहीं हैं। युवती के संपर्क में आए अन्य लोगों को भी चिह्नित किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एमसी गर्ग के मुताबिक विदेश यात्रा से लौटने वालों की स्क्रीनिंग कर उनकी निगरानी हो रही है। मुरादाबाद के मूंढ़ापांडे क्षेत्र से 19 साल की एक युवती को 18 मार्च को जुकाम और बुखार की शिकायत पर जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। 18 मार्च को उसका सैंपल जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ के माइक्रो बायलॉजी विभाग भेजा गया। लैब से शनिवार को पॉजिटिव जांच रिपोर्ट आई है।
जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि युवती 15 मार्च को फ्रांस से लौटी है। फ्रांस में वह पढ़ाई करती है। 15 मार्च को रात 11 बजे दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर युवती का स्क्रीनिंग हुई है। सक्रीनिंग में कोरोना के कोई लक्षण नहीं मिलने पर ही वहां से युवती टेरा भवन छतरपुर दिल्ली गई है। दिल्ली से 17 मार्च की शाम युवती मूंढापांडे अपने रिश्तेदार मंत्री के घर पहुंची है। युवती की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने पर मंत्री के परिवार के पांच सदस्यों और घर के दो नौकरों को क्वारंटीन किया गया है। युवती का जिला अस्पताल में ही इलाज चल रहा है।
जिलाधिकारी ने बताया कि युवती दिल्ली से मुरादाबाद जिस वाहन से आई है उसके चालक और सहायक को भी चिह्नित कर लिया है। चालक मदीना मस्जिद छजारसी सेक्टर 63 नोएडा और चालक के सहायक ज्ञानखंड इंद्रिरापुरम का है। मुरादाबाद डीएम ने गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद के डीएम को चालक और सहायक का नाम के साथ टेलीफोन नंबर भेजकर तत्काल ट्रेस कर क्वारंटीन कर आइसोलेशन में भर्ती करने के लिए कहा है। मूंढापांडे के ग्रामीणों के मुताबिक युवती उन्नाव मूल की रहने वाली है। मूंढ़ापांडे में उसकी अगरबत्ती और मोमबत्ती बनाने की फैक्टरी भी है। अक्सर फैक्टरी के सिलसिले और मंत्री के घर आती-जाती है।