मुरादाबाद। कटघर थानाक्षेत्र में रहने वाले पीतल कारोबारी से 19 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने पीतल की सिल्ली दिलाने के नाम पर रकम ली थी। एसएसपी ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
कटघर थानाक्षेत्र के एकता विहार निवासी जुनैद पीतल कारोबारी हैं।
उन्होंने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र दिया था। जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि कटघर क्षेत्र के सिंहमन हजारी निवासी एक व्यक्ति और एकता विहार निवासी उसके साथी को सिल्ली का आर्डर दिया था। इसके लिए 19 लाख रुपये आरोपियों के बैंक खाते में ट्रांसफर किए थे। आरोप लगाया कि रकम लेने के बाद भी आरोपियों ने माल की आपूर्ति नहीं की। रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। एसएसपी ने सीओ कटघर से इस मामले की जांच कराई। जांच रिपोर्ट आने के बाद एसएसपी ने कटघर थाना प्रभारी को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।