मुरादाबाद। गुरुवार को भीषण गर्मी में घंटों बिजली आपूर्ति ठप होने से जनता बिलबिला उठी। सुबह से लेकर देर शाम तक बिजली आपूर्ति बंद होने की वजह से इनवर्टर भी जवाब दे गया। गर्मी शुरू होने से पहले मेंटीनेंस के कामों को पूरा कराना चाहिए था। लेकिन निगम की लापरवाही से विद्युत की बढ़ी कटौती उपभोक्ताओं का पसीना छुड़ा रही है।
गुरुवार को तहसील स्कूल और गुरहट्ठी क्षेत्र में बिजली लाइन बदलने का कार्य किया गया था। जिसकी वजह से दोनों क्षेत्रों में सुबह से ही आपूर्ति बंद कर दी गई थी। शाम तक आपूर्ति शुरू नहीं की गई तो लोगों ने बिजली अधिकारियों को फोन करना शुरू कर दिया है। लेकिन किसी ने फोन रिसीव नहीं किया गया। नौ बजे के बाद बिजली आपूर्ति शुरू हो सकी। अधिशासी अभियंता (द्वितीय) विकास सिंघल ने बताया कि तार बदलने का कार्य किया गया था। जिस कारण आपूर्ति बंद की गई थी। मेंटीनेंस का काम पूरा होने के बाद लोगों को सहूलियत मिलेगी।