मुरादाबाद। अमृतसर से देहरादून के बीच चलने वाली 14632 लाहोरी एक्सप्रेस का इंजन मोतीचूर स्टेशन के पास फेल हो गया। सोमवार सुबह 9.10 बजे लोको पायलट से मिली सूचना के बाद दूसरा इंजन रायवाला स्टेशन से भेजा गया। इस दौरान देहरादून एक्सप्रेस, काठगोदाम एक्सप्रेस, देहरादून-सहारनपुर पैसेंजर समेत छह ट्रेनों को पीछे के स्टेशनों पर रोकना पड़ा। इंजन को ट्रेन से जोड़ने के दौरान सामने आया कि कपलर डिफेक्ट है। दूसरा इंजन लाहोरी एक्सप्रेस से जोड़कर गंतव्य के लिए रवाना करने में करीब ढाई घंटे लगे।
लाहोरी एक्सप्रेस के लोको पायलट ने पहले ही बताया था कि इंजन की एक मोटर खराब थी। तकनीकी भाषा में ओवरहालिंग की समस्या होने से इंजन में खराबी आ गई। मोतीचूर स्टेशन के पास ब्लॉक सेक्शन में ट्रेन को खड़ा किया गया। लेकिन पीछे से आने वाली दून एक्सप्रेस को करीब तीन घंटे खड़ा रखा गया, जबकि देहरादून-सहारनपुर पैसेंजर को ढाई घंटा ट्रैक पर ही रोके रखा गया। रायवाला स्टेशन से पहुंचे दूसरे इंजन के कपलर में भी खराबी होने के बाद दूसरा इंजन मौके पर भेजा गया। दोपहर में करीब साढ़े ग्यारह बजे लाहोरी एक्सप्रेस को रवाना किया जा सका।