शुक्रवार को हुई बारिश से महानगर की ज्यादातर कालोनियों में जलभराव हो गया। रास्तों में पानी भरने, नालों के ओवरफ्लो होने और कीचड़ ने जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया। दोपहर तक ज्यादातर कालोनियों में पानी भरा रहा। नालों के ओवरफ्लो होने के कारण कालोनियों से पानी बाहर निकलने में परेशानी हुई।
रामगंगा में जलस्तर बढ़ा हुआ है। इससे नालों का पानी नदी में नहीं जा पा रहा है। शुक्रवार को रात से ही रुक-रुककर बारिश हो रही थी। जिससे शहर में जगह-जगह जलभराव हो गया। सबसे बुरी हालत अवंतिका कालोनी, भोला कालोनी, एमडीए, सूरज नगर, लाइनपार, जेल के पीछे, करुला, एकता कालोनी, गलशहीद और चक्कर की मिलक क्षेत्र की रही। बुध बाजार, रेलवे कालोनी, हैलट रोड, जीबीडी रोड और मंडी क्षेत्र में कई फीट पानी भर गया।
नालों के ओवरफ्लो होने के कारण पानी आगे बढ़ ही नहीं रहा था। इससे ज्यादातर कालोनियों के रास्ते पानी भरने से बंद हो गए। पानी के साथ ही नालों की गंदगी सड़कों पर जम गई। मिट्टी और कीचड़ के कारण सड़कों पर रपटन हो गई। भोला कालोनी में अभी लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दोपहर बाद तक पानी धीरे-धीरे कम होने पर कालोनियों में आवागमन आसान हो सका। जलभराव वाले क्षेत्रों का नगर आयुक्त ने टीम के साथ दौरा किया।