मुरादाबाद। साइबर अपराधी ने पीतल व्यापारी को टेलीग्राम एप के जरिये घर बैठे कमाई का झांसा देकर 17.90 लाख रुपये ठग लिए। आरोपी ने पहले टास्क पूरा करने पर व्यापारी के खाते में रकम भेजी। भरोसा होने के बाद ठगी को अंजाम दिया। पीड़ित ने साइबर थाने में केस दर्ज कराया है।
गलशहीद थाना क्षेत्र में नई बस्ती ईदगाह के पास रहने वाले मो. सुब्हान ने साइबर थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया कि उनके पास 29 नवंबर 2024 को टेलीग्राम पर एक मैसेज आया, जिसमें घर बैठे टास्क पूरा करने पर मोटा मुनाफा कमाने की बात कही गई। 30 नवंबर को टेलीग्राम पर ही सुब्हान को कुछ टास्क दिए गए, जिसे पूरा करने पर उनके खाते में 884 रुपये आ गए।
सुब्हान ने बताया कि इसके बाद कस्टमर सर्विस के नाम से टेलीग्राम एकाउंट दिया गया और 10 हजार रुपये से आईडी चालू करने को कहा गया। इसके बाद उन्हें 60 टास्क दिए, जिन्हें सुब्हान ने पूरा किया तो खाते में 17,419 रुपये आ गए। इसके बाद 16,807 रुपये ट्रांसफर करने को कहा गया। सुब्हान ने रकम ट्रांसफर कर दी और टास्क पूरे किए तो उनके खाते में 36,227 रुपये आ गए। पीड़ित ने बताया कि इसके बाद अलग-अलग तारीखों में टास्क के नाम पर झांसा देकर करीब 17.90 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। बाद में साइबर ठग ने पैसे देने बंद कर दिए। एसपी क्राइम सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। साइबर सेल की टीम केस पर काम कर रही है।