मुरादाबाद। लोकोशेड पुल पर रविवार रात दस बजे एक कार में आग लग गई। शुक्र रहा कि कार में बैठे परिवार को एक बाइक सवार ने समय रहते इसकी जानकारी दे दी और परिवार कार से बाहर उतर गया, जिसके बाद कार में ब्लास्ट हुआ लेकिन परिवार के लोग आग की चपेट में आने बच गए। आग लगने की सूचना कंट्रोल रूम में दी गई। दमकल की गाड़ी को मौके पर पहुंचने में आधा घंटा लगा, तब तक कार का ज्यादातर हिस्सा जल गया। कोठीवाल नगर निवासी कपड़ा व्यापारी अनिल कुमार ने बताया कि वह पत्नी पूनम और बेटे के साथ एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने के लिए कार से जा रहे थे। लोकोशेड पुल पर पहुंचे कि तभी एक बाइक सवार ने बताया कि कार के अगले हिस्से में आग लग गई है। उन्होंने कार रोकी और पत्नी, बेटे के साथ कार से बाहर उतर कर थोड़ी दूर चले गए। इस दौरान ही कार में धुआं भर जाने के कारण ब्लास्ट हो गया, कार के शीशे टूट गए। हाईवे पर कार धूं-धूं कर जलने लगी। बार्निंग कार को देखकर अन्य वाहन चालक भी रुक गए। हाईवे पर जाम लग गया। दमकल की गाड़ी भी जाम में फंस गई। आधे घंटे बाद पहुंची दमकल की गाड़ी ने आग पर काबू पाया है। कार को हाईवे से हटवाकर जाम खुलवाया गया, जिसके बाद वाहन चालकों ने राहत की सांस ली।
12 बीघा गेहूं की फसल में लगा दी आग
मुरादाबाद। कटघर थानाक्षेत्र में एक किसान की 12 बीघा गेहूं की फसल जला दी गई। आरोप खेत पर शराब पी रहे तीन युवकों और उनके दोस्तों पर है, इस संबंध में थाने में शिकायत की गई है। पुलिस ने आरोपियाें के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कटघर के पचपेड़ा निवासी ओमप्रकाश ने बताया कि रविवार दोपहर तीन बजे वो परिवार के साथ खेत पर गेहूं की कटाई करने गए थे, वहां पर देहरी गांव निवासी विजय, आनंद और नवीन अपने दोस्तों के साथ बैठकर शराब पी रहे थे। वह दूसरे हिस्से में गेहूं काटने गए तो उनको गाली दी गई। आरोप है कि गाली देने पर कहासुनी होेने पर आरोपियों ने ओमप्रकाश के गेहूं की फसल में आग लगा दी, जिससे 12 बीघा गेहूं जल गया। आग बुझाने में ओमप्रकाश के साथ खेत पर आया जितेंद्र झुलस गया। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और मौके से भाग गए। एसएचओ कटघर अजीत सिंह ने बताया कि इस मामले में आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट कर ली है।