मुरादाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सुरक्षा कड़ी कर ली गई है। खुद एडीजी अविनाश चंद्र ने शनिवार को सुरक्षा व्यवस्था परखी। उन्होंने बताया कि न केवल सुरक्षा बल्कि यातायात व्यवस्था की तैयारियां भी पूरी कर ली गई है। स्नाइपर्स से निपटने के लिए एडवांस सिक्योरिटी फोर्स पानी की ऊंची टंकियों से लेकर बिल्डिंगों, पेड़ों पर तैनात रहेंगी, जिससे की सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक न हो सके।
शनिवार को एडीजी, आईजी रमित शर्मा ने सर्किट हाउस के पास होने वाली नरेंद्र मोदी की सभा स्थल पर पहुंचकर पुलिस बल को उसकी ड्यूटी के बारे में जानकारी दी। पुलिसकर्मियों को उनके ड्यूटी कार्ड भी सौंप दिए गए हैं। एडीजी ने बताया कि मुख्य तौर पर हैलीपेड स्थल, हैलीपेड से सभा स्थल और मंच पर सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी एडवांस सिक्योरिटी फोर्स, एसपीजी और पैरामिलिट्री फोर्स संभालेगी। सभा से पहले शुक्रवार को पुलिस ने आसपास के मकानों में रहने वाले लोगों, शहर के होटलों में ठहरे व्यक्तियों के बारे में भी जानकारी जुटाई है। एडीजी ने बताया कि जनसभा में आने वाले किसी भी व्यक्ति को कोई परेशानी नहीं होगी।
आम आदमी से लेकर वीवीआईपी की भी होगी चेकिंग
मुरादाबाद। एडीजी ने बताया कि प्रधानमंत्री की जनसभा में आने वाले आम आदमी से लेकर वीवीआईपी की भी चेकिंग की जाएगी। प्रधानमंत्री के पास जाने के लिए वीवीआईपी को भी कार्ड दिए गए हैं। भीड़ पर पुलिसकर्मियों की नजर रहेगी। भीड़ के अंदर सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे।
ये है सुरक्षा व्यवस्था
मुरादाबाद। एसएसपी ने बताया कि प्रधानमंत्री की सभा में सुरक्षा के लिए पांच एसएसपी/एसपी, आठ एएसपी, 20 सीओ, 36 एसएचओ, एटीएस, बम निरोधक दस्ता, अग्निशमन की गाड़ियां, डॉग स्क्वाड, सात कंपनी पीएसी, आरएएफ, सिविल पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। हर प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर लगाया जाएगा।