ठाकुरद्वारा। कोतवाली के गांव ख्वाजपुर धनतला में नाराज चल रही पत्नी को बुलाने आए युवक का ससुराल वालों से विवाद हो गया। जिस पर युवक ने 100 डायल पुलिस को सहायता के लिए बुलाया। लेकिन आरोप है कि मौके पर पहुंची 100 डायल पुलिस कर्मियों ने किसी बात पर युवक और उसके पिता को बुरी तरह मारपीट कर घायल कर दिया। इससे गांव के लोगों में रोष व्याप्त हो गया। बाद में दोनो पक्षों में समझौता हो गया।
थाना कांठ के नया गांव निवासी नसीम अपने पिता शाकिर के साथ नाराज चल रही अपनी पत्नी गुलशन को बुलाने के लिए शुक्रवार को अपनी ससुराल ठाकुरद्वारा के गांव ख्वाजपुर धनतला पहुंचा था। शुक्रवार दोपहर दो बजे नमाज के बाद नसीम ने अपने ससुराल वालों से अपनी पत्नी को भेजने को कहा। तो दोनों पक्षों में नोकझोंक होने लगी। जिस पर नसीम ने फोन कर 100 डायल पुलिस को अवगत कराया। तभी पुलिस मौके पर आ गई। इस बीच दोनों पक्षों में नोकझोंक के दौरान एक दूसरे पर गंभीर आरोप लगाने लगे। आरोप है कि जिस पर वहां मौजूद एक डायल 100 पुलिस कर्मी ने शाकिर हुसैन को बुरी तरह पीटा। जिससे वह बेहोश हो गया। लोगों का कहना है कि नसीम ने अपने पिता को पीटने का विरोध किया। तो पुलिस कर्मी ने उसके साथ भी मारपीट की। मारपीट से दोनों पिता पुत्र बेहोश हो गए। जिस पर ग्रामीण भड़क गए। इस बीच जानकारी मिलने पर रानीनांगल चौकी के इंचार्ज जीएस शर्मा मौके पर आए। तो ग्रामीण उनसे भी भिड़ गए। लेकिन उन्होंने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया। दोनों घायल पिता पुत्र को नगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। करीब एक घंटे तक अस्पताल में हंगामा चलता रहा। बाद में कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। दोनों पक्षों से वार्ता की। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि दोनो पक्षों में समझौता हो गया है।