कुंदरकी। शुक्रवार को दिन के समय में लगातार छह घंटे बिजली गुल रहने से उपभोक्ताओं ने रोष जताया है। उपभोक्ताओं का कहना है कि अघोषित कटौती कर मनमानी की जा रही है। जबकि निर्धारित शेड्यूल का पालन नहीं किया जा रहा है। दिन में बिजली गुल रहने से कुंदरकी में कारोबार बुरी तरह से प्रभावित रहा। वहीं इसका सीधा असर पेयजल की आपूर्ति पर भी पड़ा है। उधर ग्रामीण इलाके में बिजली के बगैर किसानाें के निजी नलकूपों का संचालन नहीं हो पा रहा है। सिंचाई के अभाव में किसानों की खेतों में खड़ी फसल भी सूखने के कगार पर पहुंच रही है। जबकि किसान बारिश न होने से पहले ही परेशान चल रहे है। उधर मैनाठेर, ताहरपुर, नानपुर, जैतबाड़ा, रतनपुर कलां, महमूदपुर माफी आदि विद्युत उपगृहों से जुड़े इलाके को शेड्यूल के मुताबिक बिजली की आपूर्ति नहीं मिलने से उपभोक्ता परेशान है। ग्रामीण इलाके के बिजली की आपूर्ति सुचारु न होने से लघु उद्योग धंधे भी चौपट हो रहे है।