पद्मावत का पहिया जाम, पांच घंटे रेल संचालन ठप
मीनारपुर कटरा के बीच जाम हो गया था पहिया
एसी स्पेशल के पहिए आई खड़खड़ की आवाज की जांच, टूटी पटरी से गुजरी राप्ती गंगा
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। दिल्ली से प्रतापगढ़ जाने वाली पद्मावत एक्सप्रेस ट्रेन का एक पहिया जाम हो गया जिससे ट्रेन खड़ी हो गई। इस दौरान डाउन लाइन पर करीब पांच बजे घंटे तक ट्रेनों का संचालन नहीं हो पाया। इस वजह से आठ ट्रेनें और एक माल गाड़ी को बीच में ही रोकना पड़ा। अन्य गाड़ियों को अप लाइन से गुजारा गया। दिल्ली से लखनऊ जा रही एसी स्पेशल के कोच के पहिए से खड़खड़ की आवाज आने पर उसे मूढ़ापांडे रोक जांचा गया। उधर, कांठ रेलवे स्टेशन पर चटकी पटरी से राप्ती गंगा एक्सप्रेस गुजर गई। कोहरे की वजह से 47 ट्रेनें प्रभावित रहीं।
गुरुवार को पद्मावत एक्सप्रेस ट्रेन दिल्ली से प्रतापगढ़ जा रही थी। सुबह लगभग पांच बजे मीनारपुर और कटरा के बीच ट्रेन के एसी कोच का एक पहिया ब्लाक हो गया। इसके बाद ट्रेन आगे नहीं बढ़ पाई। चालक ने चलाने की कोशिश की तो पहिये से चिंगारी उठने लगी। जिससे यात्री घबरा गए। इसके बाद चालक ने रेलवे कंट्रोल रूम में इसकी जानकारी दी। ट्रेन मौके पर ही खड़ी करके पहिए की मरम्मत की गई। इस दौरान लखनऊ मेल, महामना, गरीब रथ, दून एक्सप्रेस समेत आठ ट्रेनों को जहां-तहां रोकना पड़ा। दून एक्सप्रेस बरेली रेलवे पर खड़ी रही। जब पहिया ठीक नहीं हुआ तो अप लाइन से गाड़ियों को गुजारा गया। करीब पांच घंटे बाद लगभग दस बजे सुबह पहिया ठीक करने के बाद पद्मावत आगे के लिए रवाना की गई।