सड़क की खुदाई में निकले ईस्ट इंडिया कंपनी के सिक्के, ग्रामीण ले गए
- एनएचएआई की ओर से बुढ़नपुर पुल पर जेसीबी से कराई जा रही है खुदाई
- सिक्कों से भरे मिले दो घड़े, ग्रामीणों को खदेड़ने के बाद पुलिस ने छानी खाक
अमर उजाला ब्यूरो
जोया(अमरोहा)। बुढ़नपुर पुल के निर्माण के लिए चल रही खुदाई के दरम्यान मंगलवार को दो घड़े निकले। इसमें सिक्के भरे देख एक ग्रामीण वहां पहुंच गया और कुछ सिक्के लेकर भाग गया। इसके बाद तो वहां भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बेकाबू भीड़ को मुश्किल से भगाया, तब तक सारे सिक्के लूटे जा चुके थे।
हाईवे पर बुढ़नपुर पुल के निर्माण के लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई)की ओर से खुदाई कराई जा रही है। इसे गाबर कंस्ट्रक्शन कंपनी हिसार (हरियाणा) अंजाम दे रही है। शाम करीब साढ़े चार बजे जेसीबी का ड्राइवर प्रभुनाथ खुदाई कर रहा था। इस बीच एक ग्रामीण की नजर दो घड़ों में भरे सिक्कों पर पड़ी। वह वहां पहुंचा और कुछ सिक्के उठाकर भाग निकला। इधर, सिक्के मिलने की जानकारी पर बुढ़नपुर, पतेई खालसा, जीतपुर व ढकिया चमन के लोग आ गए और खींचतान कर सिक्के लूटकर भागे। सूचना पर पहुंची डिडौली कोतवाली पुलिस ने मुश्किल से ग्रामीणों को वहां से भगाया। ग्रामीणों के मुताबिक, चांदी के सिक्कों पर ईस्ट इंडिया कंपनी और क्वीन विक्टोरिया की तस्वीर अंकित है। सिक्कों पर सन 1840 और 1862 अंकित है। अनुमान लगाया जा रहा है कि, एक सिक्के का वजन करीब दस ग्राम होग्रा।
पुलिस की लेटलतीफी से ग्रामीण ले उड़े सिक्के
जोया। पुलिस की लेटलतीफी ने इस बार सरकारी खजाने को ही चूना लगा दिया। बुढ़नपुर पुल की खुदाई के दौरान दो घड़ों में चांदी के सिक्के भरे मिले तो लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी, मगर आधे घंटे तक पुलिस पहुंच नहीं सकी। इस बीच वहां पहुंचे ग्रामीण सिक्कों को लूटकर ले गए। इससे सरकारी खजाने को नुकसान हुआ।
आमतौर पर पुलिस लेटलतीफी के लिए बदनाम है। पुलिस की लेटलतीफी अक्सर पीड़ितों की परेशानी की वजह बनती है, मगर इस बार पुलिस ने लेटलतीफी की वजह सरकार को ही नुकसान पहुंचा दिया। तकरीबन साढ़े चार बजे घड़ों में सिक्के मिले तो लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी, मगर पांच बजे तक पुलिस नहीं पहुंची। इस बीच पहुंचे लोग खींचतान करने लगे और जब तक पुलिस पहुंचती घड़ों में भरे सिक्के लूटकर ले गए।
गांव वाले खुदाई स्थल पर गड़ाए रहे नजर
जोया। मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर किया, मगर सिक्कों के लालच में ज्यादा दूर नहीं गए। पुलिस के बार-बार हड़काने के बाद भी देर शाम तक ग्रामीण सिक्के मिलने की उम्मीद में वहां जमे रहे।
ग्रामीणों के मकान से तो नहीं मिले सिक्के
जोया। नेेशनल हाईवे बुढ़नपुर गांव के बीच से होकर निकला है। जहां पुल बनाया जा रहा है, उसमें कई ग्रामीणों के मकान आए थे, जिन्हें मंगलवार को गिराया जा रहा था। ग्रामीणों की मानें तो जेसीबी से ग्रामीण खेम सिंह व ब्रजपाल के मकान की खुदाई चल रही थी। इसी में सिक्के निकले हैं।
जिसने भी सुना, बस मौके की ओर दौड़ पड़ा
जोया। चांदी के पुराने सिक्के निकलने की बात जिस ग्रामीण ने सुनी, बस मौके की ओर दौड़ पड़ा। पल भर में ही हाईवे का नजारा बदल गया। टकटकी नजर लगाकर लोग खुदाई का हाल देखते रहे। पुलिस के दौड़ाने पर कुछ देर ठहरे, फिर मौके पर आकर जम गए।
सोने के सिक्के की फैली अफवाह
जोया। सड़क की खुदाई में चांदी के साथ सोने के सिक्के निकलने की भी अफवाह फैली। इस वजह से लोगों का ध्यान एकाएक उसकी तरफ गया, लेकिन वहां पहुंचकर पता चला कि चांदी के सिक्के हैं।
सड़क की खुदाई में 1840 व 1862 सन के चांदी के सिक्के निकले हैं। करीब 100 सिक्के निकलना बताया जा रहा है। पुलिस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीण उनको लेकर भाग गए। मामले की जांच कराई जा रही है। सिक्कों को वापस मांगा जा रहा है। इसके बाद ही अगली कार्रवाई होगी।
विवेक शर्मा, डिडौली कोतवाल