मुरादाबाद। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के बैनर और पोस्टर आचार संहिता लगने के बाद हटवाए जा रहे हैं। जिला निर्वाचन कार्यालय की पैनी निगाह में आने वाली सभी प्रचार सामग्री के खिलाफ अभियान छिड़ा हुआ है। लेकिन राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन की ब्लड कलेक्शन एवं ट्रांसपोर्टेशन वैन खुलेआम आचार संहिता का उल्लंघन कर रही है।
रक्तदान शिविर के लिए इस्तेमाल होने वाली इस वैन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह और कैबिनेट मंत्री रीता बहुगुणा जोशी की तस्वीर लगी हुई है। अमूमन यह वैन कही न कही रक्तदान शिविर के लिए जाती रहती है। नियमानुसार आचार संहिता लगने के बाद यह तस्वीरें या प्रचार सामग्री नहीं लग सकती है।
पीएम की तस्वीर पर कागज चस्पा कराया
जिला अस्पताल प्रशासन ने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों के कई कई बैनर व पोस्टर परिसर से हटवाए हैं। जन औषधि केंद्र पर लगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर पर कागज चस्पा कराया गया है।
अस्पताल परिसर में जहां भी प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की तस्वीरें लगी हैं, उन्हें हटवाया जा रहा है। जन औषधि केंद्र से हटवाया जा चुका है। ब्लड डोनेशन बस से भी हटवाया जाएगा। - डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह, चिकित्सा अधीक्षक, जिला अस्पताल