रेलवे मुसाफिर को जल्द ही लिफ्ट और स्वचालित सीढ़ियों की सौगात मिल जाएगी। लिफ्ट का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। अगले सप्ताह में दोनों लिफ्ट शुरू कर दी जाएंगी, जबकि जनवरी माह के अंत तक स्वचालित सीढ़ियां भी शुरू कर दी जाएंगी।
मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन बीस हजार से ज्यादा यात्रियों का आना जाना रहता है। जिसमें बुजुर्ग और बीमार यात्री भी होते हैं। स्वचालित सीढ़ियां और लिफ्ट न होने की वजह से उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। जीआरपी थाने से आगे प्लेट फार्म पर स्वचालित सीढ़ियां लगाई जा रही हैं। डीआरएम अजय कुमार सिंघल ने बताया कि जनवरी के अंत तक कार्य पूरा कर लिया जाएगा। स्वचालित सीढ़ियां लगा रही एजेंसी और संबंधित कार्यों से कहा गया कि समय अवधि में कार्य पूरा कर लें। उन्होंने बताया कि आरपीएफ थाने की ओर पुराने पुल पर लिफ्ट लगाई जा रही हैं। यहां का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। अगले सप्ताह में दोनों लिफ्ट शुरू कर दी जाएंगी।