मुरादाबाद। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को नगर निगम कार्यालय पर प्रदर्शन कर विकास कार्य कराने व जन सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। इस मौके पर नगर आयुक्त को संबोधित ज्ञापन अपर नगर आयुक्त को सौंपा गया।
आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता नगर निगम पर पहुंचे और नारेबाजी शुरू कर दी। संगठन के महानगर अध्यक्ष रविंद्र भाटिया का कहना था कि करुला क्षेत्र की हालत तो मलिन बस्ती जैसी कर दी है। इस क्षेत्र में सवा लाख लोग निवास करते हैं। उसके बावजूद पानी, सड़क, सीवर व नाले सफाई का काम नहीं कराया जा रहा है। लोगों को पीने को साफ पानी तक नहीं मिल रहा है। इनकी सुध लेने की फुरसत भी निगम अफसरों को नहीं है। करुला के साथ ही मियां कालोनी में भी कोई सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। यहां के आजाद नगर में ज्यादातर नालों की दीवार गिर गई हैं। अपर नगर आयुक्त एसके श्रीवास्तव ने क्षेत्र का निरीक्षण कराकर जरूरी विकास कार्यों को तत्काल कराने का भरोसा दिया। प्रदर्शन करने वालों में अल्ताफ अली, सलीम, यामीन, जबर सिंह, व कासिम खान आदि मौजूद रहे।