मुरादाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को सर्किट हाउस में मुरादाबाद के मेटल हैंडीक्राफ्ट से लेकर अमरोहा के ढोलक का उत्पादन बढ़ाने एवं उत्पादों को सुलभ बाजार मुहैया कराने के लिए अफसरों एवं निर्यातकों के साथ मंथन करेंगे। उत्पाद बनाने वाले कारीगरों एवं कारोबारियों के लिए केंद्र एवं प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। मुख्यमंत्री सर्किट हाउस में मंडल के सभी जिलों के उत्पादों की प्रदर्शनी का भी उद्घाटन भी करेंगे।
मुरादाबाद का मेटल हैंडीक्राफ्ट, संभल का हड्डी सींग, बिजनौर की काष्ठ कला, अमरोहा का ढोलक और रामपुर के जरी पैच वर्क देश एवं दुनिया भर के बाजारों में लोकप्रिय है। प्रदेश सरकार विकास की रफ्तार तेज करने के लिए हर जिले के एक उत्पाद को बढ़ावा दे रही है। मुरादाबाद मंडल के पांचों जिलों के उत्पादों को एक जिला एक उत्पाद में जगह मिली है। इनका उत्पादन बढ़ाने एवं बाजार मुहैया कराने के लिए सरकार की भरसक कोशिश की जा रही है। सरकार कारीगरों एवं उद्यमियों को प्रोत्साहित भी कर रही है।
मुख्यमंत्री रविवार को इन्हीं उत्पादों की समीक्षा करेंगे। समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री सर्किट हाउस में ही रुकेंगे। सर्किट हाउस के 18 कमरे मुख्यमंत्री, उनके स्टाफ एवं सुरक्षा कर्मियों एवं प्रदेश स्तरीय अधिकारियों के लिए आरक्षित किए गए हैं। सोमवार सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री संभल के लिए जाएंगे और वहां कानून व्यवस्था एवं विकास कार्यों की समीक्षा करने के बाद वापस मुरादाबाद की डा. भीमराव आंबेडकर पुलिस अकादमी में सहायक अभियोजन अधिकारियों के बैच के समापन समारोह कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे।
लाव लश्कर के साथ अफसरों ने किया निरीक्षण
मुरादाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा को लेकर पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। मुख्यमंत्री के दो दिन मुरादाबाद में रहने के कारण सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सर्किट हाउस एवं आसपास क्षेत्र में कड़ी निगरानी रहेगी। शनिवार को मंडल आयुक्त, डीआईजी, डीएम, एसएसपी, नगर आयुक्त ने लाव लश्कर के साथ सर्किट हाउस का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने समीक्षा हॉल, सर्किट हाउस एवं कमरों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मेयर ने भी सर्किट हाउस पहुंचकर व्यवस्थाएं देखी।
पुलिस अकादमी के निदेशक सुनील गुप्ता ने कमिश्नर और आईजी के साथ डा. भीमराव अंबेडकर अकादमी में होने वाले कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यहां के हाल में सीएम अभियोजन अधिकारियों के बैच को संबोधित करेंगे।
कुर्सी में लगा भगवा गमछा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम को लेकर सर्किट हाउस के सभागार कक्ष सजकर तैयार हो गया है। सभागार कक्ष में उनकी कुर्सी पर शनिवार देर रात भगवा गमछा लग गया। सर्किट हाउस परिसर में पौधों के साथ गमले सजाए गए हैं। मुख्य द्वार की दीवारों से लेकर परिसर में गेरुआ रंग रोगन और परिसर की घास एवं झाड़ियों की कटाई कराई गई है।
रविवार सुबह आएगी एसपीजी
मुरादाबाद। मुख्यमंत्री के दो दिवसीय दौरे को लेकर रविवार सुबह एसजीपी मुरादाबाद पहुंच जाएगी। एसपीजी एवं अन्य सुरक्षा कर्मियों के लिए सर्किट हाउस में पांच कमरे बुक कराए गए हैं। सुबह से ही सर्किट हाउस में डॉग स्कायड एवं बम निरोधक दस्ते पहुंचकर छानबीन करेंगे।