मुरादाबाद। सर्दियों में कोहरे के कारण ट्रेनों के संचालन पर भी असर पड़ेगा। रेलवे के मुरादाबाद मंडल ने दिसंबर 2026 से फरवरी 2027 तक अलग-अलग अवधि में चलने वाली 16 ट्रेनों को निरस्त करने का निर्णय लिया है। इनमें काठगोदाम-जम्मू तवी, कानपुर सेंट्रल-काठगोदाम, बरौनी-अंबाला कैंट और पूर्णिया कोर्ट-अमृतसर जैसी प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं। इन ट्रेनों के निरस्त रहने से यात्रियों को वैकल्पिक ट्रेनों से सफर करना पड़ेगा।
रेलवे की सूची के अनुसार, (12207) काठगोदाम-जम्मू तवी आठ दिसंबर 2026 से दो मार्च 2027 तक प्रत्येक मंगलवार को नहीं चलेगी। वापसी में (12208) जम्मू तवी-काठगोदाम छह दिसंबर से 28 फरवरी तक प्रत्येक रविवार को निरस्त रहेगी। (12209) कानपुर सेंट्रल-काठगोदाम आठ दिसंबर से दो मार्च तक और (12210) काठगोदाम-कानपुर सेंट्रल सात दिसंबर से एक मार्च तक निरस्त रहेगी। इसी तरह (14605) योगनगरी ऋषिकेश-जम्मू तवी एक्सप्रेस सात दिसंबर से एक मार्च तक और (14606) जम्मू तवी-योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस छह दिसंबर से 28 फरवरी तक नहीं चलेगी।
बरौनी-अंबाला कैंट एक्सप्रेस तीन दिसंबर से एक मार्च तक सप्ताह में दो दिन और वापसी में अंबाला कैंट-बरौनी एक्सप्रेस एक दिसंबर से 27 फरवरी तक सप्ताह में दो दिन निरस्त रहेगी। पूर्णिया कोर्ट-अमृतसर जनसेवा एक्सप्रेस तीन दिसंबर से दो मार्च तक प्रतिदिन और वापसी में (14618) अमृतसर से पूर्णिया कोर्ट तक चलने वाली जनसेवा एक्सप्रेस एक दिसंबर से 28 फरवरी तक निरस्त रहेगी।
सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि इसके अलावा लालकुआं-अमृतसर, मालदा टाउन-नई दिल्ली और टाटानगर-अमृतसर एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनें भी प्रभावित रहेंगी।