मुरादाबाद। मानसून सक्रिय होने से पहले मौसम विज्ञान विभाग ने सामान्य बारिश की संभावना व्यक्त की थी। जुलाई माह के पूरे महीने लगभग ज्यादातर समय बादलों का डेरा रहा है, लेकिन बारिश नहीं होने की वजह से मायूसी मिली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट में मुरादाबाद में एक जून से 31 जुलाई तक 16 प्रतिशत कम बारिश हुई है। हालांकि राहत की बात यह है कि मंडल में मुरादाबाद सबसे अधिक बारिश वाला जनपद रहा है।
मानसून के सक्रिय होने के बाद से आसमान में काले घने बादल छा रहे थे। इससे झमाझम बारिश होने की उम्मीद रहती थी, लेकिन कभी हल्की या फिर कभी बूंदाबांदी होकर रही रह जाती थी। मौसम वैज्ञानिक बार-बार अच्छी बारिश की संभावना व्यक्त कर रहे थे। पिछले चार-पांच दिन में भी तेज बारिश का अनुमान लगाया गया था, लेकिन उम्मीदें बादलों तक सिमट कर ही रह गई। चटख धूप खिलने से उमस और तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। मौसम विज्ञान विभाग की रिपोर्ट के अनुसार अब तक मुरादाबाद में सामान्य बारिश 378.5 मिली मीटर होनी चाहिए थी, लेकिन बारिश 316.9 मिली मीटर हो सकी है। वहीं, संभल में 24 प्रतिशत, रामपुर में 31 प्रतिशत और अमरोहा में 53 प्रतिशत बारिश कम हुई है। विभाग की वेबसाइट के अनुसार आगामी दिनों में बादल और बारिश का अनुमान है।