मुरादाबाद। नगर निगम ने गुरुवार दूसरे दिन भी अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। करुला क्षेत्र में पुलिस फोर्स के साथ जेसीबी चलाकर कच्चा और पक्का अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिया। दस सराय चौकी से लेकर कोहिनूर तिराहा तक 37 कब्जेदारों को नोटिस थमाए गए। दो कब्जेदारों से तीन लाख रुपये का अर्थदंड वसूला गया। अर्थदंड लगाने पर टीम के साथ एक व्यापारी की झड़प भी हुई। अतिक्रमण हटाए जाने से दुकानदारों में हड़कंप रहा।
शहर के अधिकतर सड़कों पर अतिक्रमण है। इससे जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। नगर निगम ने बुधवार से अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया है। बुधवार को बुध बाजार से अतिक्रमण हटाने के बाद गुरुवार को करुला क्षेत्र में अतिक्रमण पर जेसीबी चलाई गई। कटघर थाने की पुलिस फोर्स के साथ दस सराय पुलिस चौकी के पास से अतिक्रमण हटाने की शुरुआत हुई। करुला से कोहिनूर तिराहा तक करीब आठ फीट चौड़ा नाला है। दुकानदारों ने स्लैब डालकर नाला पाटा है। जेसीबी ने कई जगहों पर नाले की ऊपर पटालें और दुकानों की झांप तोड़ दी। चौकी के पास एक खोमचे को जेसीबी के पंजे से जमींदोज कर दिया। टीम ने कोहिनूर तिराहा तक कच्चा और पक्का अतिक्रमण हटाया।
कर निर्धारण अधिकारी राजवीर सिंह के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। 37 कब्जेदारों को नोटिस दिए गए। दो कब्जेदारों ने लोहे की सरिया और सामान सड़क पर फैलाया था। इससे वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही थी। इनमें एक दुकानदार पर दो लाख रुपये और दूसरे पर एक लाख रुपये का अर्थदंड लगाकर वसूला गया। दो लाख रुपये का अर्थदंड लगाए जाने पर दुकानदार और टीम के बीच नोकझोंक हुई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर थाने ले आई। हालांकि, अर्थदंड जमा करने के बाद छोड़ दिया। जेसीबी की तोड़फोड़ की डर से दुकानदारों में दहशत रही। टीम के पहुंचने से पहले ही कई दुकानदारों ने अपना सामान बटोर लिया। कच्चा अतिक्रमण तोड़ दिया और दुकानों के आगे की झांप खोल ली। राजबीर सिंह ने बताया कि करुला क्षेत्र में ही सड़क के दूसरी तरफ भी अतिक्रमण हटाया जाएगा। इस दौरान सीओ सुदेश गुप्ता, कर अधीक्षक राजीव लोचन पाठक, एन सुभान, साहब सिंह, सचिन, सतीश, कटघर थाना प्रभारी अजीत सिंह और दस सराय चौकी प्रभारी संजय समेत लोग मौजूद रहे।
पालिथीन जब्त, 25 हजार का जुर्माना
अतिक्रमण हटाने के दौरान ही नगर निगम टीम ने क्वालिटी स्वीट्स से पौने सात किलो पालिथीन बरामद की। दुकान संचालक से 25 हजार का जुर्माना वसूला गया।
रसूखदारों का कब्जा नजरअंदाज, गरीबों का तोड़ा
मुरादाबाद। नगर निगम ने करुला क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने में भेदभाव किया। टीम ने रसूखदार लोगों का पक्का अतिक्रमण छोड़ दिया, जबकि गरीबों के अस्थायी खोखे और कच्चा अतिक्रमण जेसीबी से कुचल दिया। इससे लोगों में आक्रोश साफ झलका। पुलिस फोर्स की मौजूदगी होने से लोग विरोध नहीं कर पाए।
टीम ने दस सराय चौकी के पास ही एक खोखा तोड़ा। खोखे को उसका मालिक वहां से हटाकर ले जा रहा था। निगम के अधिकारियों ने जेसीबी से खोखा इसलिए तुड़वा दिया ताकि दोबारा नहीं लगा सके। खोखा चकनाचूर होते ही उसके मालिक के आंखों से आंसू निकल आए। करुला क्षेत्र में सड़क किनारे नीचे दुकान और ऊपर मकान बने हैं। दुकान और सड़क के बीच नाला बहता है। दुकानदारों ने नाला पाटा है। रसूखदारों ने नाले के ऊपर पक्का निर्माण करवाकर उसे पाटा है, जबकि छोटे दुकानदारों ने पटालें लगाई हैं। नगर निगम ने पटालें तोड़ दी। जबकि पक्के निर्माण को छोड़ दिया। कई रसूखदार दुकानदारों ने नाला पाटकर उसके ऊपर ही बड़े जनरेटर रखे हैं। टीम ने उनको हटाने तक की जहमत नहीं उठाई। नोटिस देकर अतिक्रमण हटाने की औपचारिकता निभाई।
मकान में दारोगा जी की नेम प्लेट देख आगे बढ़ गई टीम
करुला में एक मकान के बाहर उत्तर प्रदेश पुलिस के दारोगा की नेम प्लेट लगी थी। इसमें आटोमोबाइल की दुकान थी। दुकान के आगे नाले के ऊपर पक्का फर्श और ऊपर से झांप लगी थी। टीम ने उसके आसपास झांप और पटालें तोड़ दी। दारोगा जी की नेम प्लेट देखकर ही टीम आगे बढ़ गई है।
- करुला में पक्का और कच्चा अवैध अतिक्रमण हटाया गया। जिन लोगों ने नाले और सड़क पर पक्का निर्माण किया था उन्हें नोटिस दिए गए। दो दुकानदारों से अर्थदंड भी वसूला गया। - राजवीर सिंह, कर निर्धारण अधिकारी नगर निगम