मुरादाबाद। करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद भी विद्युत लाइन दुरुस्त नहीं हो पाई। मंगलवार दोपहर लाजपत नगर में अंडर ग्राउंड फाल्ट हो गया। जिसकी वजह से आधे शहर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इस भीषण गर्मी में घंटोें बिजली आपूर्ति ठप रहने से जनता बिलबिला उठी। देर रात तक बिजली कर्मचारी लाइन ठीक करने में जुटे थे, लेकिन लाइन ठीक नहीं हो सकी है। लोगों का कहना है कि अंडर ग्राउंड लाइन में बिजली कर्मचारियों की लापरवाही से फाल्ट हुआ था।
शहर में अंडर ग्राउंड लाइन और एबीसी लाइन बिछाने में करोड़ों रुपये खर्च हो गए। इसके बाद भी बिजली आपूर्ति ठीक ढंग से सप्लाई नहीं हो पा रही है। लाजपत नगर में मंगलवार दोपहर कर्मचारी खंभा लगाने के लिए गड्ढा कर रहे थे। यहां से अंडर ग्राउंड लाइन गुजर रही थी। इसी दौरान अंडर ग्राउंड लाइन से मशीन की छड़ टकरा गई। जिससे लाइन में फाल्ट हो गया। ये लाइन पीतल नगरी बिजली घर से गलशहीद और जीआईसी बिजली घर जा रही है। दोनों बिजली घरों से जुड़े क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। लाजपत नगर, विजय नगर, गलशहीद, असालतपुरा, भूड़े का चौराहा, वाजिद नगर, मुगलपुरा, जीआरपीसी, वारसी नगर, इंदिरा चौक, हाजी बन्ने की पुलिया, जामा मस्जिद समेत आधे शहर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इसकी जानकारी अधिकारियों को दी गई। इसके बाद बिजली टीमों को मौके पर भेजा गया। देर रात तक कर्मचारी लाइन पर काम कर रहे थे। लेकिन फाल्ट ठीक नहीं हो पाया था। इस भीषण गर्मी में दोपहर से लेकर रात तक बिजली आपूर्ति ठप रहने से इनवर्टर भी जवाब दे गया। देर रात तक फाल्ट नहीं नहीं हो पाया है। एसडीओ ब्रजेश कुमार ने बताया कि लाजपत नगर में अंडर ग्राउंड लाइन में फाल्ट हो गया है। उसकी वजह से बिजली आपूर्ति बंद की गई है।
अधिकारी नहीं उठा रहे फोन, जनता परेशान
मुरादाबाद। मंगलवार दोपहर सवा तीन बजे लाजपत नगर में अंडर ग्राउंड फाल्ट हुआ था। इसके बाद से आधे शहर में बिजली आपूर्ति ठप है। जिसे लेकर लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश है। लोगों का कहना है कि बिजली अधिकारी और कर्मचारी उनका फोन तक रिसीव नहीं कर रहे हैं। इस भीषण गर्मी में जनता परेशान है और अधिकारी जवाब देने को तैयार नहीं है कि बिजली आपूर्ति कब तक चालू होगी।