मुरादाबाद। जिले के दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन नोडल अधिकारी/ प्रमुख सचिव अमित चंद्रा ने सदर तहसील का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे प्रमुख सचिव ने फरियादियों को फोन करके उनसे शिकायत पर हुई कार्रवाई की बाबत जानकारी ली। प्रमुख सचिव ने निर्देश दिया कि शिकायतों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण किया जाए।
सदर तहसील का निरीक्षण करने पहुंचे नोडल अधिकारी अमित चंद्रा ने एसडीएम से लंबित वादों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डीएम से कहा कि भूमिहीन व्यक्तियों को चिन्हित करके ग्राम सभा में उन्हें भूमि उपलब्ध कराएं। ऐसे व्यक्तियों के रहने की भी व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि तालाबों की स्थिति की रिपोर्ट हर तीन माह में लेखपालों से ली जाए। नोडल अधिकारी ने डीएम से कहा कि श्रम विभाग द्वारा प्रस्तावित 100 बच्चों के आवासीय स्कूल के लिए भूमि चिन्हित की जाए।