मुरादाबाद। यू डायस प्रपत्र दाखिल नहीं करने वाले मदरसा और स्कूलों पर तलवार लटक गई है। मुरादाबाद मंडल में 6001 मदरसा और स्कूलों ने अभी तक यू डायस की डाटा इंट्री दाखिल नहीं की है। 15 जून तक डेटा इंट्री नहीं होने पर मंडल में 5190 मदरसों और स्कूलों का यू डायस कोड के साथ मान्यता निरस्त हो जाएगी। राज्य परियोजना निदेशक ने सभी बीएसए को इसके आदेश जारी कर दिए हैं।
सरकारी एवं निजी स्कूलों और मदरसों को हर साल यू डायस प्रपत्र दाखिल करना होता है। इसमें छात्र नामांकन, शिक्षकों की तैनाती और स्कूल में बुनियादी सुविधाओं की जानकारी देनी होती है। बीएसए कार्यालय में प्रपत्र सत्यापन के बाद पोर्टल पर इंट्री की जाती है। इसी के बाद मानव एवं विकास संसाधन मंत्रालय एवं प्रदेश सरकार से बजट एवं शैक्षिक सुधार की योजनाएं तैयार होती हैं। मुरादाबाद मंडल में 20047 स्कूल और मदरसे पंजीकृत हैं। संस्थानों को यू डायस प्रपत्र दाखिल करने की चार जून आखिरी तारीख थी। निदेशालय ने तारीख बढ़ाकर 12 जून कर दी। इसके बाद भी मुरादाबाद मंडल में 6001 स्कूल और मदरसों ने प्रपत्र दाखिल नहीं किए हैं। इनमें 811 स्कूल और मदरसों के प्रपत्र पोर्टल पर इंट्री करने की प्रक्रिया चल रही हैं। मंडल में अभी तक मात्र 13235 स्कूल और मदरसों के डेटा इंट्री हो सकी है।
मुरादाबाद जिले में बेसिक शिक्षा परिषद के 15 स्कूल और माध्यमिक के छह स्कूलों का यू डायस कोड निरस्त कर मान्यता निरस्त करने की संस्तुति हो चुकी है। छात्र पंजीकरण पर भी रोक लगा दी गई है। राज्य परियोजना निदेशक डा. पंकज वेदपति मिश्र ने सभी बीएसए को सर्कुलर जारी किया है। जिसमें 15 जून तक स्कूल और मदरसों के यू डायस प्रपत्र की डेटा इंट्री पोर्टल पर लोड करने के निर्देश दिए हैं। प्रपत्र दाखिल नहीं करने वाले स्कूल और मदरसों का कोड और मान्यता निरस्त हो जाएगी। कोड निरस्त होते ही सरकार से मिलने वाली सभी सुविधाएं खत्म हो जाएंगी। मान्यता निरस्त होने से स्कूल संचालन अवैध होगा और बच्चों को अगली कक्षाओं में दूसरे स्कूलों में दाखिला नहीं मिल पाएगा।
जिला स्कूल/मदरसे डाटा इंट्री नहीं प्रोसेसिंग डेटा इंट्री
बिजनौर 5567 2005 520 3042
मुरादाबाद 4684 289 51 4344
रामपुर 3522 941 70 2511
अमरोहा 3628 2418 109 1101
संभल 2646 348 61 2237
------------------------------------------------------------
20047 6001 811 13235