मुरादाबाद। कटघर थानाक्षेत्र में बुधवार सुबह साढ़े चार बजे दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर रोडवेज की वॉल्वो बस कंटेनर से टकरा गई। इस हादसे में नजीबाबाद डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक जुनैद शम्सी समेत छह लोग घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बस से निकाल कर जिला अस्पताल भिजवा दिया गया।
लखनऊ कैसरगंज डिपो की वॉल्वो बस मंगलवार रात लखनऊ से देहरादून के लिए रवाना हुई थी। बुधवार सुबह करीब साढ़े चार बजे बस कटघर क्षेत्र में रामगंगा पुल से गुजर रही थी। यहां हाईवे पर एक खराब कंटेनर खड़ा था। जिसमें पीछे से बस टकरा गई। इस हादसे में नजीबाबाद के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक जुनैद शम्सी, लखनऊ के गंगा अपार्टमेंट गोमतीनगर विस्तर निवासी अभिनव रतन, लखीमपुर खीरी निवासी राकेश कुमार, श्रीनिवास निवासी बंगलुरु, सपना शुक्ला और उनके पति मधुरेश कुमार निवासी निर्मल नगर लखीमपुर खीरी घायल हो गए। हादसे के बाद यात्रियों में चीख पुकार मच गई। अन्य यात्रियों की सूचना पर पुलिस और 108 नंबर एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। घायलों को बस से निकालकर जिला अस्पताल भिजवा दिया गया। अभिनव रतन और एआरएम की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय प्रबंधक एसके शर्मा भी जिला अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने घायलों की जानकारी ली। इंस्पेक्टर कटघर अजीत सिंह ने बताया कि सुबह चार बजे हादसा हुआ था।
बरेली में बस चलाने को लेकर चालकों में हुआ था विवाद
मुरादाबाद। बस हादसे में घायल अभिनव रतन ने बताया कि बस में दो चालक थे। बरेली में दोनों चालकों के बीच बस चलाने को लेकर झगड़ा हुआ था। दोनों चालक बोल रहे थे कि उन्हें नींद आ रही है। यात्रियों के समझाने पर एक चालक ने बस को चलाना शुरू कर दिया था। यहां हाईवे पर रामगंगा पुल पर पहुंचे थे बस कंटेनर से टकराई।