मुरादाबाद। हरियाणवी डांसर सपना चौधरी के खिलाफ बुधवार को अदालत में वाद दायर किया गया है। शिकायतकर्ता ने आयोजकों को आरोपी बनाया है। शिकायतकर्ता ने कहा कि मंगलवार को रेलवे स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में अश्लील डांस किया गया। जिससे बवाल के हालत पैदा हो गए। अदालत ने शिकायत को स्वीकार करते हुए इस मामले की सुनवाई के लिए 29 जून की तारीख तय की है।
मझोला के लाइन पार गायत्री नगर निवासी डा. रामेश्वर दयाल तुरैहा ने अपने अधिवक्ता वैभव अग्रवाल से मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में वाद दायर कराया है। जिसमें कहा गया है कि मंगलवार रात साढ़े नौ बजे रेलवे स्टेडियम में भारतीय संस्कृति की छवि धूमिल की गई। अश्लीलता फैलाने और युवाओं को उकसाने का प्रयास किया गया। सुप्रीम कोर्ट द्वारा जारी दिशा निर्देश का पालन न करते हुए रात साढ़े दस बजे तक डीजे बजाया गया। बलवा जैसे हालात पैदा होने के साथ ही सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया। शिकायतकर्ता ने कहा कि इसके लिए आयोजक भी जिम्मेदार हैं। वादी ने अपने प्रार्थना पत्र में कहा है कि मामले की शिकायत थाना प्रभारी से भी की। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।