मुरादाबाद। सेंट्रल मॉनीटरिंग कमेटी सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सदस्य भगवत प्रसाद मकवाना ने स्वच्छकारों के पुनर्वास एवं कल्याण से संबंधित योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार स्वच्छकारों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।
सर्किट हाउस में सदस्य मकवाना ने जिले में मैला ढोने वाले स्वच्छकारों की संख्या एवं उनके पुनर्वास योजनाओं की मौजूदा स्थिति की विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा की। उन्होंने कहा कि स्वच्छकारों के लिए चलाई योजनाओं का शत प्रतिशत क्रियान्वयन किया जाए। स्वच्छकारों को आयुष्मान योजना में लाभान्वित करने और उनकी बस्तियों में ऋण वितरण शिविर लगाने के निर्देश दिए।
मकवाना ने कहा कि नगर निगम से मृतक आश्रित नियुक्ति एवं स्वच्छकारों के सेवानिवृत्ति देयकों का समय से भुगतान नहीं किया जाता है। इससे स्वच्छकार अफसरों के चक्कर काटने को मजबूर होते हैं। उन्होंने देयकों का बकाया भुगतान और कर्मियों को समय पर वेतन जारी करने के निर्देश भी दिए। कहा कि स्वच्छकारों को सुरक्षा संबंधी सभी उपकरण उपलब्ध कराए जाएं। प्रत्येक तीन माह पर स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएं। पंचायती राज एवं समाज कल्याण विभाग में स्वच्छकारों के लंबित प्रकरणों को भी निस्तारण करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, एसपी यातायात, सहायक नगर आयुक्त, डीडीओ, समाज कल्याण अधिकारी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।