मुरादाबाद। भीषण गर्मी में बिजली की कटौती से जनता परेशान है। गुरुवार शाम तो हद ही हो गई। रोजा इफ्तारी के वक्त बिजली कटौती कर दी। जिससे रोजेदारों को खासी परेशानियां उठानी पड़ीं। जबकि खुशहालपुर में तीन दिन बाद भी बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठीक नहीं हो पाई है। यहां नया ट्रांसफार्मर लगा तो दिया गया है। लेकिन नया ट्रांसफार्मर पूरी तरह से लोड नहीं ले पा रहा है। जिससे सप्लाई में बाधा उत्पन्न हो रही है।
खुशहालपुर में मंगलवार रात एबीसी लाइन आपस में चिपक गई थी। जिससे ट्रांसफार्मर में फाल्ट हो गया था। अगले दिन बुधवार को ट्राली ट्रांसफार्मर लगाया गया था। लेकिन उससे पूरे इलाके मेें आपूर्ति नहीं हो पाई। अब वहां नया ट्रांसफार्मर लगा तो दिया गया है। लेकिन दो दिन से बिजली आपूर्ति बंद होने की वजह से जैसे ही सप्लाई शुरू की जाती है लोग तुरंत अधिक लोड डाल देते हैं। जिससे ट्रांसफार्मर जवाब देने लगता है। अधिशासी अभियंता ललित कुमार ने बताया कि एक क्षेत्र की सप्लाई बंद कर दूसरे क्षेत्र को सप्लाई दी जाती है। गुरुवार को दिन भर बार बार कटौती होती रही है। शाम होते ही शहर में फिर से कटौती कर दी गई। उस वक्त रोजा इफ्तारी का समय हो गया था। जिससे लोगों का खासी परेशानी उठानी पड़ीं।