चंदौसी। बहजोई कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित बैठक में अपर जिलाधिकारी लवकुश त्रिपाठी ने जिला ग्रामीण विकास एजेंसी (डीआरडीए) व लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के निर्देशित किया है कि वह भी अपने कार्यों में महात्मा गांधी रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के जाब कार्डधारकों को मजदूरी देंगे।
अपर जिलाधिकारी लवकुश त्रिपाठी ने परियोजना निदेशक (डीआरडीए) संभल के कार्यों के समीक्षा की। जिसमें कार्य योजना मांगी तो उनकी कार्य योजना अभी तैयार ही नहीं थी। इसलिए डीआरडीए व पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से शीघ्र ही निर्माण कार्यों की कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा गया है।
साथ ही स्पष्ट किया गया है कि वह भी अपने निर्माण कार्यों में मनरेगा के जाब कार्डधारी मजदूरों को ही काम देंगे। उनके खातों में मजदूरी का भुगतान करेंगे। ताकि जाब कार्डधारकों को गारंटी के नियमों के मुताबिक रोजगार मिल सके। इसमें परियोजना निदेशक (डीआरडीए) हरेंद्र कुमार, उप कृषि निदेशक हीरा सिंह जीना, पीडब्ल्यूडी, लघु उद्योग, सीडीपीओ राजपुरा व अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।