चंदौसी। दीपावली के दूसरे दिन गुरुवार को गोवर्धन महाराज की घरों में विशेष पूजा अर्चना की गई। मंदिरों व घरों में अन्नकूट बनाकर प्रसाद वितरण किया गया। मंदिरों में अन्नकूट का प्रसाद लेने के लिए लोगों की खासी भीड़ देखी गई।
गुरुवार को वार्ष्णेय समाज की ओर से बारह सैनी मोहल्ले में उद्योगपति फूल प्रकाश वार्ष्णेय के आवास के बाहर अन्नकूट की सामूहिक पूजा का आयोजन किया गया। इसमें सीता रानी, वीनेश वार्ष्णेय की अगुवाई में प्राचीन परंपरा के तहत महिलाओं ने विधि विधान से पूजन किया। इसमें रेशम देवी, शीश, शारदा, नीलम, रजनी, अलका, गीता, शशि गुप्ता, सोनी, भुवनेश वार्ष्णेय, गरिमा, निशी, मीना, मोनिका, अंजू, मंजू आदि शामिल रही। इसके अलावा शहरभर में लोगों ने घरों में गोबर से गोवर्धन बनाकर पूजन किया जिसके बनाने में छोटे बच्चो ने खासी दिलचस्पी दिखाई। प्रभात कृष्णा, राजीव कृष्णा, आलोक कृष्णा की देखरेख में झुन्नी लाल धर्मशाला में अन्नकूट के प्रसाद का भंडारा आयोजित किया। इसके अलावा शहर में महिलाओं ने व्रत रखकर दोपहर में गोवर्धन महाराज की विशेष पूजा अर्चना की। काफी संख्या में शाम को गोवर्धन की पूजा की गई। गोवर्धन की पूजा अर्चना के बाद ही व्रत खोले गए। इस दौरान घरों में मंदिरों में अन्नकूट बनाया गया। जिसका प्रसाद वितरण किया गया। मंदिरों में अन्नकूट का प्रसाद ग्रहण करने के लिए लोगों की खासी भीड़ लगी रही। शहर के विभिन्न मंदिरों में लोगों ने पूजा अर्चना कर प्रसाद ग्रहण किया। देर शाम एक बार युवा बच्चों ने फिर आतिशबाजी करना शुरू कर दी जो देर रात तक होती रही।
मिठाई व गोला खरीदने को दुकानों पर रही भीड़
चंदौसी। शुक्रवार को भाई दूज होने के कारण मिठाई व गोला खरीदने के लिए परचून की दुकान पर खासी भीड़ देखी गई। काफी संख्या में महिलाएं अपने भाई का टीका करने के लिए गुरुवार को मायके लिए रवाना हो गईं। भाई के लिए वह मिठाई व गोला ले जाना नहीं भूली। इसलिए दुकानों पर मिठाई खरीदने के लिए खासी भीड़ लगी रही। बाजार में दुकानदार सुबह से अपनी दुकान खोलकर बैठ गए। देर शाम तक जमकर दुकानदारी की। ट्रेन व बसों में भी भाई दूज के कारण खासी भीड़ रही है।
----------------------------------