बहजोई। कहीं शौचालय के छत पर पत्थर की पटिया रखी मिलीं तो कहीं दो गड्ढा ही मिला। यहां तक कि निर्माण कार्य में प्रयोग की जा रही सामग्री भी खराब मिली। मौका था विकासखंड के गांव रंपुरा में सीडीओ के निरीक्षण का। खामियों पर सीडीओ ने नाराजगी जाहिर करते हुए ग्राम प्रधान व सचिव के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
गुरुवार को शाम साढ़े तीन बजे करीब मुख्य विकास अधिकारी शंभूनाथ तिवारी विकासखंड के गांव रंपुरा में शौचालय निर्माण का निरीक्षण करने पहुंचे। सबसे पहले सीडीओ ने निरीक्षण में पाया कि एक पुराने शौचालय पर ही रंगाई-पुताई कर नए का रूप दे दिया गया। कई स्थानों पर शौचालय का ढांचा ही मिला, दो गड्ढों में से एक गड्ढा मिला। किसी शौचालय का तो गड्ढा ही नहीं बना था। वहीं शौचालय निर्माण में घटिया सामग्री प्रयोग की जा रही थी। सीट भी ठीक-ठाक नहीं मिलीं।
इस पर सीडीओ ने मौजूद सहायक विकास अधिकारी पंचायत दिग्विजय सिंह से नाराजगी जाहिर की। ग्राम प्रधान व सचिव के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। निरीक्षण के दौरान सीडीओ को गांव में एक सरकारी हैंडपंप का चबूतरा टूटा होने से गंदे पानी का जलभराव मिला। साथ ही पंचायत भवन की हालत भी खस्ताहाल मिली। इस बीच सीडीओ ने गांव में निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवासों का निरीक्षण भी किया। सीडीओ ने बताया कि शौचालयों में घटिया सामग्री का प्रयोग करने व शौचालयों को मानक व गुणवत्ता के मुताबिक न बनाए जाने को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। 10 दिन में कार्य सुधार न होने पर एफआइआर दर्ज कराई जाएगी। सीडीओ ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास का निर्माण कार्य ठीक-ठाक मिला। वहीं गांव में सरकारी हैंडपंप के चबूतरे व पंचायत भवन को भी दुरुस्त कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं।