कांठ। गांधी जयंती के अवसर पर नगर व क्षेत्र में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत आयोजित स्वच्छता अभियान को जारी रखते हुए साफ-सफाई का कार्य किया गया। इसी के साथ देश को स्वच्छ बनाने के लिए शपथ दिलाई गई।
मंगलवार को महर्षि दयानंद इंटर कॉलेज पट्टी मौढ़ा में दो अक्तूबर के मौके पर स्वच्छता अभियान की वर्षगांठ मनाई गई। इस दौरान प्रधानाचार्य मदन सिंह, प्रोफेसर सतीशचंद्र शर्मा, रामसिंह विश्नोई आदि ने हाथों में झाडू लेकर स्वच्छता अभियान चलाया। वहीं दूसरी ओर विकास खंड छजलैट की प्रत्येक ग्राम पंचायत में स्वच्छता अभियान चलाते हुए जागरूकता रैलियां निकाली गई। नगर व क्षेत्र के सभी सरकारी, अर्द्घ सरकारी संस्थाओं, स्कूल-कॉलेजों, राजनीतिक दलों आदि के द्वारा स्वच्छता का संदेश दिया गया। भाजपाइयों ने भी सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई का कार्य किया। कांठ के डीएसएम इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य मेजर सुदेश कुमार भटनागर ने विस्तार से स्वच्छता के संबंध में जानकारी दी। इधर इस मौके पर परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को भी स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।